9 घंटे का हाई वोल्टेज ड्रामा और हंगामा, राहुल-प्रियंका को पुलिस ने उठाया; धरना खत्म: आगे क्या
करीब नौ घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा, हंगामा और आखिरकार पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा को उठा लिया। पुलिस ने इसके साथ ही आकाशवाणी भवन कैंपस खाली करा लिया।

करीब नौ घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा, हंगामा और आखिरकार पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा को उठा लिया। पुलिस ने इसके साथ ही आकाशवाणी भवन कैंपस खाली करा लिया। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत लगभग 250 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में लगभग 50 सांसद शामिल थे। हिरासत में लिए गए लोगों को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया जा रहा है। चुनाव प्रणाली में कथित अनियमितताओं के मामले को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेता आकाशवाणी परिसर में मंगलवार दोपहर से ही धरने पर बैठे थे। अब देखना यह है कि नेता प्रतिपक्ष और विपक्षी गठबंधन अगला कदम क्या उठाते हैं।
जैसे ही प्रदर्शनकारी सांसदों से आकाशवाणी परिसर को खाली कराया गया, पुलिस ने केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, के सुरेश, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और इमरान प्रतापगढ़ी सहित कांग्रेस सांसदों और नेताओं के साथ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जबरन हटा दिया।
पेड़ के नीचे बैठे थे राहुल गांधी
इससे पहले, विपक्षी इंडिया गठबंधन के घटक दलों के सांसदों ने मंगलवार को संसद मार्ग से निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला। हालांकि पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और कई सांसदों तथा नेताओं को हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचने की कोशिश में आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए और एक पेड़ के नीचे बैठ गए थे। विपक्षी दलों की मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाया जाए और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द किया जाए।
जाम में रेंगते रहे वाहन
विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों के निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक मार्च के कारण मंगलवार को लुटियंस दिल्ली में जाम की स्थिति रही और कई प्रमुख सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। पुलिस ने मार्च को देखते हुए कई सड़कों को बंद कर दिया था और कई अन्य पर मार्ग परिवर्तन लागू किया गया था जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंडिया गेट और कनॉट प्लेस से लेकर संसद मार्ग और जंतर-मंतर तक, कई हिस्सों पर वाहनों की कतारें लग गईं और बैरिकेड व बीच-बीच में वाहनों की आवाजाही रोके जाने के कारण वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे थे। भारी बैरिकेडिंग के चलते वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते तलाशने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस जाम के कारण लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। कुछ लोगों ने अपने वाहनों को छोड़ दिया और मेट्रो का सहारा लिया या मध्य दिल्ली में अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए पैदल चल दिए।

