नेहा बोरा ने कांग्रेस में खटपट करा दी? अपने नाराज नेताओं को राहुल गांधी का दो टूक जवाब
नेहा बोरा को विपक्षी मार्च में तवज्जो मिलने से कांग्रेस के छात्र संगठन में नाराजगी की चर्चा है। इस बीच राहुल गांधी ने युवा नेताओं से कहा कि श्रेय लेने आए हैं तो गलत पार्टी में हैं। जानिए बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कहा।

कांग्रेस के छात्र और युवा संगठनों में वामपंथी छात्र नेता नेहा बोरा को मिल रही तवज्जो को लेकर असंतोष दिख रहा है। अब इस पर राहुल गांधी ने युवा नेताओं को साफ संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर वे कांग्रेस में क्रेडिट लेने के लिए आए हैं तो वे गलत पार्टी में हैं। राहुल गांधी ने जोर दिया कि कांग्रेस ने देश में दशकों तक किए गए अपने काम का क्रेडिट लेने की कोशिश नहीं की, इसलिए संगठन के भीतर भी नेताओं को श्रेय की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यह बात गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी), नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और सेवा दल के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कही। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी मौजूद थे।
‘पुलिस की ज्यादती और तकलीफें हमें मजबूत बनाएंगी’
बैठक में मौजूद एक नेता के मुताबिक, राहुल गांधी ने हाल के उन प्रदर्शनों के दौरान कार्यकर्ताओं को हुई तकलीफों और पुलिस की ज्यादतियों का जिक्र किया, जिनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों से पार्टी कार्यकर्ता और मजबूत होंगे। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि टूटा हुआ पैर केवल मेडिकल इमरजेंसी नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे अपने दिल में सम्मान के प्रतीक के रूप में भी रखना चाहिए।
बैठक में उन्होंने युवा नेताओं को संगठन में काम करने के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि युवा कांग्रेस और एनएसयूआई जैसे संगठन नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, त्याग, मुश्किलों का सामना करने की ताकत और सही बात के लिए खड़े होने का साहस सिखाते हैं। उन्होंने युवा नेताओं से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने, सीखने, आगे बढ़ने और भविष्य में मिलने वाली बड़ी जिम्मेदारियों के लिए खुद को तैयार करने की बात कही।
नेहा बोरा को लेकर क्यों है नाराजगी?
नेहा बोरा को 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए विपक्षी मार्च में प्रमुखता दिए जाने को लेकर कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के कुछ नेताओं में नाराजगी बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी नेतृत्व ने सोमवार को हुए मार्च के दौरान नेहा बोरा को गांधी परिवार और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ एक ही बस में जगह दी थी। इस फैसले से संगठन के कुछ नेता खुश नहीं हैं। पार्टी के कुछ नेताओं ने इस चलन पर भी सवाल उठाए हैं कि वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े रहे कई नेता अपने राजनीतिक करियर में आगे बढ़ने के लिए कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।
वहीं, कुछ नेताओं का मानना है कि ऐसे समय में उस विचारधारा के साथ तालमेल बढ़ाने की रणनीति पर सवाल उठते हैं, जिसका पिछले दो दशकों में चुनावी प्रभाव तेजी से घटा है। उनका तर्क है कि कांग्रेस इस दौरान उन रूढ़िवादी हिंदू मतदाताओं को अपने साथ लाने की कोशिश कर रही है, जो अभी किसी पार्टी के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध नहीं हैं।
प्रियंका गांधी ने भी युवा नेताओं को दी नसीहत
बैठक में प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी युवा नेताओं को संगठन की जिम्मेदारी का अहसास कराया। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि नेताओं के काम, आचरण और व्यवहार से उस संगठन के मूल्यों की झलक मिलती है, जिसका वे प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रियंका गांधी ने युवा नेताओं को पार्टी की ताकत और भविष्य बताते हुए कहा कि कांग्रेस का वरिष्ठ नेतृत्व भी उनसे ताकत हासिल करता है। उन्होंने याद दिलाया कि युवा नेता केवल अपना प्रतिनिधित्व नहीं करते, बल्कि पूरी पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग रहना चाहिए।
खरगे बोले- देश की राजनीतिक दिशा तय करने में युवाओं की अहम भूमिका
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारत के युवाओं ने हमेशा देश की राजनीतिक दिशा तय करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस के युवा और अग्रिम संगठन युवाओं के हितों के खिलाफ काम करने वाली सरकार को जवाबदेह ठहराने, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने और संस्थानों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि इन संगठनों का साहस और दृढ़ विश्वास भारतीय लोकतंत्र की रक्षा के पार्टी के संकल्प को मजबूत करता है।


