एपस्टिन फाइल्स में आपका, आपके मंत्री का नाम आना शर्म की बात; PM मोदी पर राहुल का जोरदार हमला
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के ऊपर जोरदार हमला बोला है। एआई समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन को पीएम द्वारा शर्म की बात कहने पर राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइल्स से लेकर अडानी पर अमेरिका में चल रहे केस तक का जिक्र करते हुए कहा कि शर्म की बात यह है।

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर जोरदार हमला बोला है। एआई समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन को प्रधानमंत्री द्वारा शर्म की बात कहे जाने पर भड़के राहुल ने एप्स्टीन फाइल्स, अडानी और तमाम आरोप लेकर पीएम पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शर्म की बात यह केस और इन पर आपकी चुप्पी है। राहुल ने कहा कि वह और कांग्रेस के बब्बर शेर एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे, और लगातार देश की रक्षा करते रहेंगे। दरअसल, यह पूरा मामला एआई समिट से जुड़ा हुआ है, जहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन का भाजपा समेत कई विपक्षी पार्टियों ने भी विरोध किया था। हालांकि कांग्रेस द्वारा अपने कार्यकर्ताओं का पूर्ण समर्थन किया गया है।
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रविवार को किए गए हमले का जवाब राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए दिया। उन्होंने लिखा, “मोदी जी, आप शर्म की बात करते हो? शर्म की बात मैं आपको बताता हूं। एपस्टीन फाइल्स में आपका, आपके मंत्री और आपके मित्र का साथ में नाम आना, ऐसे घिनौने अपराधी के साथ आपका नाम जुड़ा होना, ये शर्म की बात है। आपने अमेरिका के साथ जो ट्रेड डील की है, जिसमें आपने देश को बेच दिया, ये शर्म की बात है। हमारे देश का डेटा दे दिया।किसानों को खत्म कर दिया। टेक्सटाइल इंडस्ट्री बर्बाद कर दिया, ये शर्म की बात है।”
गौरतलब है कि राहुल गांधी यहां पर एपस्टीन फाइल्स में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने का जिक्र कर रहे हैं। हालांकि, पुरी ने कहा है कि एपस्टीन के साथ उनके संबंध केवल काम के सिलसिले में थे। इसके अलावा एपस्टीन फाइल्स में प्रधानमंत्री मोदी के पिछले इजरायल दौरे का जिक्र भी था। एपस्टीन ने एक व्यक्ति को भेजे मेल में पीएम मोदी का जिक्र किया था। इसको लेकर संसद में भी काफी हंगामा हुआ था।
अनिल अंबानी, अडानी का नाम लेकर घेरा
राहुल गांधी केवल यहीं नहीं रुके, उन्होंने अमेरिका में अडानी के ऊपर चल रहे केस को लेकर भी प्रधानमंत्री को घेरा। उन्होंने लिखा, “पूरा देश जानता है, अडानी पर अमेरिका में चल रहे केस ने आपकी रातों की नींद उड़ा रखी है, क्योंकि वो BJP और आपके फाइनेंशियल आर्किटेक्चर पर केस है। 14 महीनों से उसपर कोई कार्रवाई नहीं हुई, ये शर्म की बात है। मोदी जी, आप अपने मित्रों अनिल अंबानी, अडानी और अपने लिए जो उचित समझें, वो कीजिए।” उन्होंने आगे कहा, “मैं और कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर देश की रक्षा करते रहेंगे एक इंच पीछे नहीं हटेंगे।”
क्या कहा था प्रधानमंत्री मोदी ने?
नई दिल्ली एआई समिट में कांग्रेस यूथ द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी को खूब खरी-खोटी सुनाई थी। मेरठ में पीएम मोदी ने इस हरकत को कांग्रेस की गंदी और शर्म वाली राजनीति करार दिया था। उन्होंने कहा कि यह बड़े दुख का विषय है कि देश की सबसे पुरानी राजनैतिक पार्टी वैचारिक रूप से इतनी दरिद्र हो चुकी है कि भारत को बदनाम करने की कोशिश करती रहती है।
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी के इस प्रदर्शन को भाजपा की तरफ से तो विरोध का सामना करना ही पड़ा। इसके साथ ही विपक्षी पार्टियों ने भी इस पर कांग्रेस की आलोचना की। सबसे मुखर विरोध समाजवादी पार्टी की तरफ से आया। अखिलेश यादव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में ऐसी हरकत नहीं की जानी चाहिए थी। वहां, पर विदेशी डेलीगेट्स मौजूद थे, जिनके सामने देश का अपमान हुआ है। यह नहीं होना चाहिए था। समाजवादी पार्टी के अलावा, बसपा की मायावती, टीएमसी समेत तमाम पार्टियों ने कांग्रेस का विरोध किया। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं का समर्थन किया और हरियाणा के भाजपा नेता अनिल विज की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए भाजपा पर सवाल खड़े किए।


