नीतीश कुमार पर राहुल गांधी का बड़ा हमला, ईरान को सताया सरप्राइज अटैक का डर; टॉप-5 न्यूज
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऊपर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि जदयू प्रमुख कॉम्प्रोमाइज्ड हो गए थे, यानी वह भाजपा के दबाव में आ गए थे। इसी वजह से उन्हें पद छोड़ना पड़ा था।

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऊपर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार ने भाजपा के दबाव में आकर कुर्सी छोड़ी है। वहीं, दूसरी ओर अमेरिका के साथ दूसरे दौर की वार्ता के लिए मना कर रहे ईरान ने आशंका जताई है कि अमेरिका और इजरायल मिलकर एक बार फिर से सरप्राइज अटैक कर सकते हैं। बता दें, 28 फरवरी को भी ओमान में दोनों पक्षों के बीच में वार्ता चल रही थी लेकिन इसी दौरान तेहरान पर अमेरिका और इजरायल ने मिलकर हमला कर दिया था।
देश-दुनिया की पांच बड़ी खबरें पढ़िए लाइव हिन्दुस्तान के साथ...
नीतीश पर राहुल का बड़ा दावा, बताया- सुशासन बाबू ने क्यों छोड़ा CM पद?
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार (20 अप्रैल ) को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और JDU अध्यक्ष नीतीश कुमार पर बड़ा दावा करते हुए NDA पर ज़ोरदार हमला बोला है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि सुशासन बाबू यानी नीतीश कुमार ने भाजपा के दबाव में आकर बिहार के मुख्यमंत्री की गद्दी छोड़ी है। तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कम्प्रोमाइज्ड हो गए थे। यानी भाजपा के 'दबाव' में आ चुके थे। इसीलिए उन्हें यह पद छोड़ना पड़ा। पढ़ें पूरी खबर…
अमेरिका-इजरायल बना रहे 'सरप्राइज अटैक' का प्लान, ईरान का बड़ा दावा
ईरान के साथ चल रहे युद्ध में दो सप्ताह का युद्धविराम बुधवार को समाप्त होने वाला है, लेकिन इसकी स्थिति पूरी तरह अधर में लटकी हुई है। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में प्रस्तावित नई वार्ता की तैयारी के बावजूद, हालिया घटनाक्रमों ने स्थिति को और जटिल बना दिया है। बता दें कि युद्धविराम 8 अप्रैल को शुरू हुआ था, जिसके बाद भी कुछ हमले जारी रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कई बार समयसीमा तय करने के बाद यह समझौता हुआ, जिसमें एक समय ईरान की सभ्यता को खतरे में डालने की चेतावनी भी दी गई थी। युद्धविराम की समयसीमा 22 अप्रैल (बुधवार) को 0000 GMT (मंगलवार रात 8 बजे ईटी) पर समाप्त हो रही है। पढ़ें पूरी खबर…
अमेरिका से युद्ध के बीच ईरान में 3 हजार से ज्यादा की मौत, बड़ी संख्या में बच्चे
ईरान और अमेरिका के बीच 28 फरवरी को युद्ध शुरू हुआ था। इसके बाद से अमेरिकी हमलों की वजह से ईरान में कम से कम 3,375 लोगों की मौत हो गई है। यह आंकड़ा ईरान के विधिक चिकित्सा संगठन के प्रमुख अब्बास मस्जेदी की ओर जारी किया गया। ईरान की समाचार एजेंसी 'मिजान' समेत अन्य माध्यमों ने सोमवार को मस्जेदी के हवाले से बताया कि मारे गए लोगों में से केवल चार की पहचान नहीं हो पाई है। पढ़ें पूरी खबर…
बंगाल के झाड़ग्राम में PM ने खाई झालमुरी, अब आया ममता का रिएक्शन, क्या बोलीं?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झाड़ग्राम में सड़क किनारे एक छोटी सी दुकान पर रुककर ‘झालमुरी’ का स्वाद लिया। अब इसको लेकर बंगाल में सियासत तेज हो गई। पीएम मोदी की इस अनौपचारिक ठहराव को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए इसे ‘पूरी तरह से ड्रामा’ करार दिया है। ममता बनर्जी ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सब चुनावी फायदे के लिए रचा गया ड्रामा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसी घटनाओं को जानबूझकर स्टेज कर रही है ताकि जनता को गुमराह किया जा सके। पढ़ें पूरी खबर…
अनिल अंबानी की कंपनी पर CBI का बड़ा ऐक्शन, दो सीनियर अधिकारी अरेस्ट; होगी पेशी
सीबीआई ने अनिल अंबानी के मालिकाना हक वाली कंपनी रिलायंस कॉम्युनिकेशंस लिमिटेड के दो सीनियर अधिकारियों को अरेस्ट किया है। इन अधिकारियों के नाम डी. विश्वनाथ और अनिल काल्या हैं। अनिल अंबानी, उनकी कंपनी रिलायंस कॉम्युनिकेशंस और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत पर सीबीआई ने केस दर्ज किया है। बैंक का कहना है कि उसने कंपनी को क्रेडिट फैसिलिटीज दी थीं। लेकिन कंपनी ने गलत तरीके से इसका इस्तेमाल किया और फ्रॉड किया गया। इसके चलते बैंक को 2929.05 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। पढ़ें पूरी खबर…
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

