राहुल गांधी और अभिजीत दीपके बन रहे दोस्त? वकील के जरिए कॉकरोच नेता को चाय पर बुलाया

लाइव हिन्दुस्तान
share

राहुल गांधी की हाई टी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को आमंत्रित करने की कोशिश से कांग्रेस के रुख में बदलाव के संकेत मिले हैं। पहले CJP को AAP का फ्रंट मानने वाले कांग्रेस नेताओं के बीच अब विपक्षी एकजुटता को लेकर क्या बदला? जानें पूरा मामला।

राहुल गांधी की हाई टी में CJP को न्योता, क्या बदल रहा है कांग्रेस का रुख?
राहुल गांधी की हाई टी में CJP को न्योता, क्या बदल रहा है कांग्रेस का रुख? (फाइल फोटो)

राहुल गांधी और अभिजीत दीपके में क्या दोस्ती हो रही है? दरअसल राहुल गांधी की हालिया टी पार्टी के बाद ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस कांग्रेस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी के अन्य नेताओं को राहुल गांधी की ओर से आयोजित हाई टी में शामिल होने का न्योता देने की कोशिश की है। इसे CJP के प्रति कांग्रेस के रुख में बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, कांग्रेस नेतृत्व का एक बड़ा वर्ग अब भी CJP को आम आदमी पार्टी (AAP) की शाखा या उसका फ्रंट मानता है।

कांग्रेस के इस कदम को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने की मांग को लेकर चल रहे विपक्षी अभियान के संदर्भ में अहम माना जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यह हाई टी इंडिया गठबंधन के नेताओं, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और छात्र नेताओं के लिए आयोजित की थी।

प्रशांत भूषण के जरिए दीपके तक पहुंचने की कोशिश

इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि मंगलवार सुबह कांग्रेस ने CJP से संपर्क करने और उसके नेताओं को राहुल गांधी की हाई टी में आमंत्रित करने का फैसला किया। इसके लिए कांग्रेस ने वकील और सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत भूषण से मध्यस्थ की भूमिका निभाने और अभिजीत दीपके तक पहुंचने का आग्रह किया।

प्रशांत भूषण के करीबी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस की ओर से संपर्क करने का अनुरोध आया था। हालांकि, उस समय दीपके महाराष्ट्र में थे। वहीं, जंतर-मंतर पर अचानक प्रदर्शन करने के कारण CJP के वरिष्ठ नेता आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे पुलिस हिरासत में थे। कांग्रेस के सूत्रों का दावा है कि दीपके से संपर्क किया गया, लेकिन वह इस निमंत्रण को लेकर उत्साहित नहीं थे।

पहले CJP को लेकर कांग्रेस नेतृत्व में था संदेह

CJP मई में सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थी। इसके बाद जून-जुलाई में उसने परीक्षा में पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। इस आंदोलन के बाद धर्मेंद्र प्रधान को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

इसके बावजूद कांग्रेस नेतृत्व का एक प्रभावशाली वर्ग CJP को लेकर आशंकित है। पार्टी के भीतर यह राय भी रही कि विपक्ष की राजनीति में CJP के लिए जगह छोड़ना कांग्रेस के हित में नहीं होगा। कांग्रेस के कई नेता इस संगठन को आम आदमी पार्टी की शाखा के रूप में देखते रहे हैं।

हालांकि, अब कांग्रेस के भीतर यह आकलन है कि SIR को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग वाला अभियान इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विपक्षी दलों और दूसरे संगठनों को साथ लाकर एक साझा मोर्चा बनाना जरूरी है।

10 अक्टूबर के प्रदर्शन पर भी थी कांग्रेस की नजर

दिल्ली में 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP के प्रदर्शन पर कांग्रेस करीबी नजर रख रही थी। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था सख्त किए जाने और पुलिस की कार्रवाई के कारण प्रदर्शन अपनी तय योजना के मुताबिक नहीं हो सका। इस दौरान दिल्ली में करीब 7,000 लोगों को हिरासत में लिए जाने का अनुमान जताया गया था। कांग्रेस का आकलन था कि CJP जून-जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए अपने पहले के प्रदर्शनों की तरह बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने में सफल नहीं रही।

इससे पहले सोमवार को राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हो रहे सभी प्रदर्शन एक ही आंदोलन का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा था कि प्रदर्शन करने वाले लोग किसी भी संगठन या समूह से जुड़े हों, यदि वे संविधान की रक्षा के लिए खड़े हैं तो कांग्रेस उनके साथ है और उनका समर्थन करेगी।

राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि कांग्रेस को उम्मीद है कि दूसरे पक्ष भी इसी तरह उसका साथ देंगे। इसके बाद उन्होंने विपक्ष के बड़े विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। हालांकि, CJP सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए इंडिया गठबंधन के मार्च में शामिल नहीं हुई थी। कांग्रेस नेतृत्व ने इस प्रदर्शन को लोगों को जुटाने के लिहाज से सफल माना था।

CJP नेताओं की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी ने क्या कहा?

बुधवार को राहुल गांधी ने CJP नेताओं की गिरफ्तारी की निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में तिरंगा लहराना अपराध नहीं है। युवाओं को इसके लिए जेल में डालना कायरता है।

उन्होंने छात्रों, युवाओं, पत्रकारों और इंडिया गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि झंडे और संगठन अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन उद्देश्य एक है। सभी प्रदर्शन नागरिकों के अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग का हिस्सा हैं। राहुल गांधी ने जंतर-मंतर को भारत के लोगों की जगह बताते हुए कहा कि वे इसे फिर से हासिल करेंगे।

राहुल गांधी के इस बयान पर अभिजीत दीपके ने उनका आभार जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “अवैध गिरफ्तारी” के खिलाफ आवाज उठाने के लिए राहुल गांधी का धन्यवाद।

16 अक्टूबर को तिरंगा मार्च का आह्वान

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में देशभक्तों और तिरंगे से प्रेम करने वाले लोगों से शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में शाम 5 बजे जुटने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपने साथ राष्ट्रीय ध्वज लाने का आग्रह किया। साथ ही, दूसरे शहरों में भी तिरंगा मार्च आयोजित करने की अपील की।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsराहुल गांधी और दीपके बन रहे दोस्त? वकील के जरिए कॉकरोच नेता को चाय पर बुलाया