भाजपा का सबसे पसंदीदा नेता कौन? राहुल गांधी ने लिया कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम; वजह भी बता दी
Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जेन-जी युवाओं से लाइव संवाद के दौरान एक दिलचस्प सवाल का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी के अपने सबसे पसंदीदा नेता का नाम कैप्टन अमरिंदर सिंह रखा है। अमरिंदर अंकल कहकर संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि वे इसलिए उनके पसंदीदा हैं क्योंकि कूल हैं...
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने युवाओं, खासकर Gen Z से लाइव संवाद के दौरान एक दिलचस्प सवाल का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अपने सबसे पसंदीदा नेता का नाम कैप्टन अमरिंदर सिंह रखा है। उन्होंने न सिर्फ नाम लिया, बल्कि इसकी वजह भी साफ-साफ बताई। इस बयान ने राजनीतिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है, खासकर इसलिए क्योंकि पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं।
Gen Z से लाइव संवाद में उठा सवाल
राहुल गांधी पिछले कुछ समय से युवाओं से सीधे संवाद करने की मुहिम चला रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने Gen Z युवाओं के साथ एक लाइव सत्र आयोजित किया, जिसमें छात्रों, युवा पेशेवरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुलकर सवाल पूछे। इनमें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सोशल मीडिया और व्यक्तिगत पसंद से जुड़े कई सवाल शामिल थे।
इस दौरान एक युवा ने पूछा कि सर, आपका पसंदीदा बीजेपी लीडर कौन है? यह सवाल सुनकर माहौल में हल्की मुस्कान फैल गई। राहुल गांधी ने बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब दिया कि अमरिंदर अंकल। उन्होंने स्पष्ट रूप से कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया और आगे कहा कि वे उनके पसंदीदा भाजपा नेता इसलिए हैं क्योंकि वे 'कूल' हैं और सैन्य इतिहास (मिलिट्री हिस्ट्री) के विशेषज्ञ हैं। राहुल गांधी ने इस जवाब को सिर्फ लाइव सत्र तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे सार्वजनिक रूप से शेयर भी किया। हालांकि उनके इस बयान में सियासी संदेश साफ-साफ झलक रहा है।
क्यों महत्वपूर्ण है यह बयान?
दरअसल, पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव है। इसको लेकर सियासी दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में राहुल गांधी का कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लेना महज व्यक्तिगत पसंद नहीं लग रहा। राजनीतिक विश्लेषक इसे पंजाब की राजनीति को ध्यान में रखते हुए दिया गया रणनीतिक बयान मान रहे हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में रहे और पंजाब के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। बाद में वे भाजपा में शामिल हुए। इसके बावजूद गांधी परिवार और कैप्टन के बीच व्यक्तिगत सम्मान का रिश्ता हमेशा से रहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह खुद कई बार कह चुके हैं कि गांधी परिवार ने हमेशा उनका बहुत सम्मान किया है। राहुल गांधी का यह बयान उसी पुराने रिश्ते को दोहराता और मजबूत करता दिखता है।
बयान के बाद सियासी चर्चा तेज
राहुल गांधी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोग इसे राहुल गांधी की चतुराई भरा जवाब बता रहे हैं, तो कुछ इसे पंजाब में कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा मान रहे हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो राहुल गांधी का यह बयान सिर्फ एक लाइव सत्र का जवाब नहीं, बल्कि पंजाब की आगामी राजनीति में एक नया कोण जोड़ने वाला बयान साबित हो सकता है।


