विपक्ष का नेता कोई रबर स्टैंप नहीं; CBI डायरेक्टर की चयन प्रक्रिया से राहुल गांधी ने खुद को किया अलग
Rahul Gandhi: लोकसभा नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सीबीआई के अगले डायरेक्टर को चुनने की प्रक्रिया से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने कहा कि वह किसी पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बन सकते। उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी।

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीबीआई डायरेक्टर की चयन प्रक्रिया से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "मैंने सीबीआई डायरेक्टर की चयन प्रक्रिया पर अपनी असहमति दर्ज कराते हुए प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा है। मैं किसी भी पक्षपात पूर्ण प्रक्रिया में भाग लेकर अपने संवैधानिक कर्तव्यों का उल्लंघन नहीं कर सकता। विपक्ष का नेता कोई रबर स्टैंप नहीं है।"
आपको बता दें केंद्रीय एजेंसी सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेश(CBI) के डायरेक्टर का चुनाव तीन सदस्यीय पैनल करता है। इसके अध्यक्ष प्रधानमंत्री होते हैं, जबकि लोकसभा नेता विपक्ष और भारत के मुख्य न्यायाधीश या फिर उनके द्वारा नामित कोई सुप्रीम कोर्ट का जज इसमें शामिल होते हैं।
बता दें, यह पहली बार नहीं है जब लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्वयं को पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति से अलग किया हो। इसके पहले मुख्य सूचना आयुक्त राज कुमार गोयल की चयन प्रक्रिया से भी उन्होंने स्वयं को अलग कर लिया था।
गौरतलब है कि मंगलवार को लोकसभा नेता प्रतिपक्ष अगले सीबीआई प्रमुख की नियुक्ति बैठक में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री आवास पहुंचे थे। यहां पर उनके साथ भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत और पीएम मोदी भी मौजूद थे। हालांकि, बाद में उन्हें वहां से निकलते हुए देखा गया और फिर कुछ देर बाद उनका यह पत्र सामने आया है।
सीबीआई के वर्तमान डायरेक्टर 1986 बैच के आईपीएस अफसर प्रवीण सूद हैं। उन्होंने मई 25 मई 2023 को पदभार ग्रहण किया था। उनका कार्यकाल मई 2025 में खत्म होने वाला था, लेकिन उस समय सरकार ने एक साल के लिए उनका सेवा विस्तार किया था। उनका कार्यकाल 24 मई को समाप्त हो रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा सीबीआई के नए डायरेक्टर को चुनने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इससे राहुल गांधी ने खुद को अलग कर लिया है।
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार की तरफ से सीबीआई के नए बॉस के लिए 1989 से लेकर 1992 के बैच के आईपीएस अधिकारियों की शॉर्टलिस्ट तैयार करवाई गई थी। इसमें मुख्य रूप से आर एंड डब्ल्यू (R&W) के डायरेक्टर पराग जैन, इसके अलावा अजय कुमार शर्मा, महाराष्ट्र के डीजीपी सदानंद दते और सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह का नाम सबसे आगे हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

