CJP के समर्थन में पहली बार आए राहुल गांधी! अलग-अलग झंडे, एक लड़ाई!
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट जारी कर जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल से हटाने और युवाओं को जेल भेजने की कार्रवाई को सरकार की कायरता करार दिया।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और SIR प्रक्रिया के खिलाफ दिल्ली में चल रहे आंदोलन के बीच विपक्ष की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ आया है। जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और विरोध जताने के आरोप में कॉकरोच जनता Party (CJP) के सह-संयोजकों- आशुतोष रंका और सौरव दास को 5 दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजे जाने के बाद, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहली बार खुलकर CJP के समर्थन में उतर आए हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट जारी कर जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल से हटाने और युवाओं को जेल भेजने की कार्रवाई को सरकार की "कायरता" करार दिया।
"तिरंगा फहराना अपराध नहीं, यह सरकार की कायरता है"
राहुल गांधी ने CJP नेताओं की गिरफ्तारी का कड़ा विरोध करते हुए लिखा, "शांतिपूर्ण प्रदर्शन में जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना कोई अपराध नहीं है। इसके लिए युवाओं को जेल में डालना कायरता का काम है।"
उन्होंने आगे लिखा, "छात्र, युवा, पत्रकार, 'INDIA' ब्लॉक- अलग-अलग झंडे, लेकिन एक ही मकसद! ये सभी प्रदर्शन एक ही हैं: नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं। जंतर-मंतर भारत की जनता का है और हम इसे वापस छीनकर रहेंगे।"
NEET आंदोलन से चली खींचतान का अंत?
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, राहुल गांधी का यह कदम कांग्रेस और CJP के बीच लंबे समय से चले आ रहे अघोषित राजनीतिक खिंचाव को खत्म करने का एक संकेत माना जा रहा है। हालांकि, अपने इस पोस्ट में राहुल कहीं भी कॉकरोच जनता पार्टी, CJP या उसके नेताओं का सीधे नाम नहीं लिया है।
इसी साल नीट परीक्षा धांधली के खिलाफ चले बड़े छात्र आंदोलन के दौरान CJP एक प्रमुख छात्र-युवा ताकत बनकर उभरी था। जुलाई में तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का श्रेय CJP ने लिया था। उस समय कांग्रेस और राहुल गांधी ने भी परीक्षा लीक का मुद्दा उठाया था, लेकिन CJP के सीधे मंच से दूरी बनाए रखी थी ताकि विपक्ष के नेतृत्व का मुख्य चेहरा कौन होगा, यह सवाल न उठे।
जुलाई के प्रदर्शनों के दौरान जब पुलिस ने छात्रों पर कार्रवाई की थी, तब राहुल गांधी ने अलग से हस्तक्षेप किया था, जिससे 'CJP बनाम कांग्रेस' की प्रतिद्वंद्विता की बातें होने लगी थीं।
मंगलवार को सुनहरी बाग में हुई विपक्षी दिग्गजों की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी प्रदर्शनकारियों को 'CJP बनाम 'INDIA' ब्लॉक' में बांटकर कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने साफ किया कि आंदोलन का मुख्य राजनीतिक वाहन 'INDIA' गठबंधन ही रहेगा, लेकिन CJP जैसे युवा संगठनों के जन-आंदोलन को इसमें पूरी जगह दी जाएगी।
CJP नेताओं की हुई 5 दिन की जेल
दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस की ओर से जंतर-मंतर को आधिकारिक 'प्रोटेस्ट साइट' से हटाने के बावजूद CJP नेता आशुतोष रंका और सौरव दास सुरक्षा बैरिकेड्स फांदकर जंतर-मंतर में घुसे थे और तिरंगा लहराया था। स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत ने दोनों को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "आशु और सौरव का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराया। अगर असहमति की आवाज़ को दबाने का इतना ही शौक है, तो कायरतापूर्ण हथकंडों के पीछे छिपने के बजाय आपातकाल की घोषणा करने की हिम्मत दिखाइए।"
राहुल गांधी के इस खुले समर्थन के बाद अब 'INDIA' ब्लॉक और CJP कार्यकर्ताओं ने 15 अक्टूबर (गुरुवार) को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई के बीच जंतर-मंतर पर दोबारा जाने और संयुक्त जन-प्रतिरोध को तेज करने का ऐलान किया है।

