'ज्ञानेश कुमार के मुझे मैसेज आते हैं', राहुल गांधी ने CEC से 'गवाह' बनने को कहा!
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से पत्रकारों ने सवाल किया कि क्या इस सब मुद्दों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आप से बात करने की कोशिश की?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बहुत ही बड़ा दावा किया है। उनका कहना है, "मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के उनको मैसेज आते हैं।" INDIA ब्लॉक के मार्च से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मीडिया ने जब उनसे पूछा- "इस सब पर क्या ज्ञानेश कुमार ने आपसे बात करने की कोशिश की?"
तब राहुल गांधी ने इस सवाल का बेहद ही चौंकाने वाला जवाब दिया। उन्होंने कहा, "हां, मैसेज आते हैं। वह यह प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रहे हैं।" तब पत्रकारों ने पूछा कि आपने उन मैसेज का क्या जवाब दिया?
कांग्रेस सांसद ने कहा, "गवाह बन जाओ। आपने अपराध किया है। आप मुख्य अपराधी नहीं हैं। आपने गलती की है। बहुत आसान है। इस्तीफा दीजिए और रास्ते से हट जाइए। कोई परेशानी नहीं है। हम आपको माफ करने के बारे में भी सोच सकते हैं। क्योंकि वो इस देश की सेवा होगी।"
सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगा इंडिया गुट
इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वह और विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेंगे और 'संविधान बचाने की लड़ाई' जारी रखेंगे।
उन्होंने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि लोगों को राजधानी पहुंचने से रोका जा रहा है और बसों और ट्रेनों से उतारा जा रहा है।
गांधी ने विपक्षी नेताओं के सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित मार्च से पहले संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली को 'पूरी तरह से किले में तब्दील' कर दिया गया है और हजारों पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
'यह प्रतिरोध सालों से चल रहा है'
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह नहीं समझा जाना चाहिए कि विरोध पांच दिन पहले शुरू हुआ है, बल्कि 'यह प्रतिरोध सालों से चल रहा है।' गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोक रही है।
उन्होंने कहा, ''लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोका जा रहा है। बस और ट्रेनों से लोगों को उतारा जा रहा है। दिल्ली को पूरी तरह से किले में तब्दील कर दिया गया है।''
उन्होंने कहा कि विपक्ष की रणनीति अलग है और वह बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद अपना संदेश देश तक पहुंचाना चाहता है।

