राहुल गांधी बोले 50% फोर्स हमारे साथ, ‘पुलिस भी सरकार से नाराज’!

लाइव हिन्दुस्तान
share

लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने कहा, दिल्ली में कई दिनों से वोट चोरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहा है। सवाल यह है कि दिल्ली को जेल में क्यों बदल दिया गया है?

Rahul Gandhi Police force
राहुल गांधी का बड़ा दावा बोले- 50% पुलिस फोर्स हमारे साथ है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने विपक्ष INDIA गुट के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च से पहले मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक बहुत बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा, "पुलिस प्रशासन भी केंद्र सरकार से अब नाराज है। 50 फीसदी पुलिस वाले हमारे साथ हैं। पुलिस वाले हमसे कह रहे हैं कि आप सही कर रहे हैं।"

लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने कहा, “दिल्ली में कई दिनों से वोट चोरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहा है। सवाल यह है कि दिल्ली को जेल में क्यों बदल दिया गया है? लोगों को शहर में प्रवेश करने से रोका जा रहा है- ट्रेनों और बसों में उन्हें रोका जा रहा है और दिल्ली एक किले में तब्दील हो गई है।”

मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, "आप हैरान हो जाओगे। मोदी जी मैं आपको बताता हूं कि आपकी सरकार के 200 अफसर हमारे टच में हैं। हमें जानकारी दे रहे हैं। ईडी के अंदर, सीबीआई के अंदर, विदेश मंत्रालय के अंदर, सारे हमें जानकारी लाकर दे रहे हैं। जो करना है आप करो। सच्चाई हमारे साथ है।"

'हम चाहते हैं 20-30 हजार पुलिस वाले लगाए सरकार'

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा और दिल्ली में पुलिस की तैनाती को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम तो चाहते हैं 20,000- 30,000 पुलिसकर्मियों को सड़कों पर तैनात किया जाए, क्योंकि इससे सरकार की मुश्किलें बढ़ेंगी। सरकार एक गंभीर गलती कर रही है, क्योंकि हम देश को यह दिखाना चाहते हैं कि मोदी जी ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ज्ञानेश कुमार की सुरक्षित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “जितनी ज्यादा सुरक्षा उन्हें दी जाएगी, आखिरकार हम उनके कंट्रोलर तक पहुंचेंगे।”

पुलिस को लेकर राहुल गांधी ने क्या बड़ा दावा किया?

राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि उन्हें ऐसी खबरें मिल रही हैं कि पुलिसकर्मी युवाओं की पिटाई करने के आदेश मिलने से परेशान हैं, जबकि RSS के सदस्यों को खुली छूट देने के निर्देश दिए जा रहे हैं। ये आरोप राहुल गांधी ने लगाए हैं।

राहुल गांधी ने बहुत बड़ा दावा करते हुए कहा, "ठीक 50% पुलिसकर्मी हमें बता रहे हैं कि हम जो कर रहे हैं वह सही है और हमें इसे जारी रखना चाहिए। पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ और भारत की जनता एक तरफ हैं और नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजीत डोवाल, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के 4-5 सदस्य जो 'वोट चोरी' में मदद कर रहे हैं और देश को हाईजैक कर रहे हैं, दूसरी तरफ हैं। हम इस विभाजन को और बढ़ा रहे हैं।"

CJI को लिखी चिट्ठी पर क्या बोले राहुल गांधी?

चीफ जस्टिस को लिखी विपक्ष की चिट्ठी का जिक्र राहुल गांधी ने कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष और मैंने भारतीय लोकतंत्र और चुनाव की निष्पक्षता की हत्या पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा था। मुख्य न्यायाधीश ने हमें जवाब दिया और याचिका दायर करने का निर्देश दिया...आज, इंडिया ब्लॉक के नेता और मैं एक साथ सर्वोच्च न्यायालय जाएंगे और यह याचिका दायर करेंगे।"

उन्होंने आगे कहा, "यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि हम वही सवाल उठा रहे हैं जो दोनों चुनाव आयुक्तों ने पूछा था: ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं? ज्ञानेश कुमार, आपकी नींद उड़ गई है; हम आपको नहीं छोड़ेंगे... हम आपके अतीत और भ्रष्टाचार के बारे में जानते हैं और हम इंतजार कर रहे हैं।"

लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने कहा, "संविधान पर हमला हो रहा है। यह प्रतिरोध एक दिन का नहीं है; यह जारी रहेगा। यहां तक ​​कि पुलिस भी सवाल कर रही है कि वे ज्ञानेश कुमार जैसे चोर को क्यों संरक्षण दे रहे हैं और पुलिस पर हमला क्यों कर रहे हैं?"

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsराहुल गांधी बोले 50% फोर्स हमारे साथ, ‘पुलिस भी सरकार से नाराज’!