मोदी जी, आप चुप क्यों हैं? राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को लेकर बोला तीखा हमला
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को लेकर फिर से हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी से कुछ सवाल पूछे हैं। साथ ही राहुल गांधी ने यह भी पूछा है कि आखिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त क्यों नहीं किया जा रहा है?

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को लेकर फिर से हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी से कुछ सवाल पूछे हैं। साथ ही राहुल गांधी ने यह भी पूछा है कि आखिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त क्यों नहीं किया जा रहा है? राहुल गांधी ने अपनी इस पोस्ट में लिखा है कि बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? गौरतलब है कि नीट पेपर लीक में सीबीआई बड़े पैमाने पर छानबीन में जुटी है। अभी तक दो मास्टरमाइंड समेत करीब दर्जन भर आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, विपक्ष इस मुद्दे को लेकर लगातार सरकार पर हमलावर है।
पोस्ट में आगे क्या लिखा
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा है कि साल 2024 में नीट का पेपर लीक हुआ। उस साल परीक्षा भी रद्द नहीं हुई। मंत्री ने इस्तीफा भी नहीं दिया। सीबीआई ने जांच बिठाई। एक कमेटी बनी। इसके बाद साल 2026 में भी पेपर लीक हुआ। परीक्षा रद्द हुई। मंत्री ने फिर इस्तीफ़ा नहीं दिया। CBI फिर जांच कर रही है। एक और कमेटी बनेगी। इसके बाद राहुल गांधी ने लिखा है कि मोदी जी, देश आपसे कुछ सवाल पूछ रहा है - जवाब दो! बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? बार-बार इस ‘परीक्षा पे चर्चा’ पर आप चुप क्यों हैं? बार-बार फेल हो रहे शिक्षा मंत्री को आप बर्खास्त क्यों नहीं कर रहे हैं?
कमजोर हो रहा है भरोसा
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर हो रहा है तथा प्रधानमंत्री को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए। गौरतलब है कि नीट-स्नातक परीक्षा के पेपर लीक मामले में एनटीए से जुड़े एक सरकारी कर्मचारी की कथित भूमिका सीबीआई की जांच के दायरे में आ गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। एजेंसी ने 14 मई को गिरफ्तार की गई आरोपी मनीषा संजय वाघमारे और उसके अगले दिन गिरफ्तार किए गए रसायन विज्ञान के व्याख्याता पी.वी. कुलकर्णी की हिरासत मांगते हुए अपना मामला प्रस्तुत किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि वाघमारे ने अन्य आरोपी व्यक्ति और "एनटीए से जुड़े लोक सेवक के साथ मिलकर" 27 अप्रैल को प्रश्न पत्र और उत्तर प्राप्त किए थे।
अब तक क्या हुआ है
एजेंसी का आरोप है कि वाघमारे, जीव विज्ञान की व्याख्याता मनीषा मंधारे के माध्यम से कुलकर्णी को जानते थे। मनीषा मंधारे को सीबीआई ने शनिवार को गिरफ्तार किया। एजेंसी का आरोप है कि वाघमारे ने कथित तौर पर कुलकर्णी से प्रश्न एकत्र किए और उन्हें अहिल्यानगर से गिरफ्तार किए गए एक अन्य आरोपी धनंजय लोखंडे और अन्य आरोपियों को मौद्रिक लाभ के बदले में उपलब्ध कराया। लोखंडे पर प्रश्नों को वितरित करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि रसायन विज्ञान के हस्तलिखित प्रश्न, जिन्हें कुलकर्णी ने उम्मीदवारों के साथ साझा किया था, नष्ट कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि वाघमारे ने तीन मई को परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्नपत्र नष्ट कर दिए थे।
सीबीआई ने जीव विज्ञान के व्याख्याता मनीषा मंधारे को गिरफ्तार किया है, जो 3 मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक के लिए एनटीए की प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति के सदस्य थे। उन्होंने बताया कि कथित मुख्य आरोपी कुलकर्णी और अन्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने बताया कि एजेंसी के मुख्यालय में पूछताछ के बाद मंधारे को यहां गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वह कथित तौर पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) से जुड़ी परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थीं और एनटीए द्वारा विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त की गई थीं।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


