'इस्तीफा दें भगवंत मान' राघव चड्ढा का पंजाब सीएम पर बड़ा हमला, बोले- इन पर FIR हो...
Raghav Chadha on Bhagwant mann: भाजपा सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ बेअदबी कानून में एफआईआर कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पंजाब सीएम ने जो हरकत की है, उससे पूरा पंजाब आहत है, और गुस्से में हैं। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए और उनके खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए।

Raghav Chadha on Bhagwant mann: कभी पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनवाने में मदद करने वाले और भगवंत मान के साथ मिलकर काम करने वाले राघव चड्ढा ने उनके इस्तीफे की मांग की है। कुछ वक्त पहले ही आप के कई अन्य सांसदों के साथ भाजपा का दामन थामने वाले राघव चड्ढा ने गुरुवार को सीएम मान के ऊपर गुरुओं का अपमान करने के आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने फोरेंसिक रिपोर्ट के फर्जीवाड़े को लेकर भगवंत मान के ऊपर एफआईआर करवाने की भी मांग की।
कुछ महीने पहले तक पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को राजनीति करने में मदद करने वाले राघव चड्ढा ने गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ राज्य के नए बेअदबी कानून के तहत केस चलाने की मांग की। ANI से बात करते हुए भाजपा सांसद राघव चड्ढा ने कहा, "अगर किसी को जरा भी संदेह या भ्रम था कि वह बेअदबी वाला वीडियो असली है, या एआई से बनाया गया है या फर्जी है। तो अब उनका सारा शक दूर हो गया है। भगवंत मान और आम आदमी पार्टी को असली बेअदबी वाले वीडियो को छिपाने के लिए एक नई फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट बनानी पड़ी। पूरा सिख समाज, गुरु नानक नामलेवा समुदाय आज भगवंत मान से गुस्सा है, आहत है।"
नई फोरेंसिक जांच रिपोर्ट बनवाने के लिए पैसा कहां से आया: चड्ढा
भगवंत मान के साथ काम कर चुके राघव चड्ढा ने काफी तीखे दावे किए। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जानी चाहिए की आखिर इस तरीके से फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट को कैसे बनाया गया। इसके लिए पैसा कहां से आया? इसमें कौन-कौन से अधिकारी शामिल थे। इस रिपोर्ट को किस आधार पर बनाया गया।? क्या इसमें सरकारी पैसे का उपयोग हुआ है या फिर इसे किसी निजी धन से बनवाया गया है। इसमें मनी लॉन्ड्रिंग की भी जांच होनी चाहिए।
क्या है मामला?
यह पूरा मामला पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के एक कथित वीडियो का है, जिसमें वह शराब पीते हुए और गुरु की बेअदबी करते हुए नजर आ रहे थे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद अकाल तख्त ने उनके खिलाफ कार्रवाई की। हालांकि, मुख्यमंत्री मान और उनकी सरकार ने पहले तो इस वीडियो को एआई बताया। लेकिन जब अकाल तख्त ने इसकी जांच करवाई, तो सामने आया कि यह बिल्कुल असली वीडियो है। इसके बाद आप की तरफ से बयान आया कि वीडियो तो असली है लेकिन इस वीडियो में जो शख्स दिखाया जा रहा है, वह भगवंत मान नहीं है।
इस पूरे मामले में विवाद उस वक्त बढ़ गया जब गुरुग्राम पुलिस ने उस वीडियो को लेकर फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट तैयारककरने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर 10 लाख रुपए लेकर वीडियो की फर्जी रिपोर्ट तैयार की है। आरोपियों की तरफ से दावा किया गया है कि पंजाब से कुछ अधिकारी इस रिपोर्ट को बनवाने के लिए आए थे। पुलिस ने बताया कि इन अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। अगर उनके खिलाफ सबूत मिलते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।
इस तमाम विवाद के बीच पंजाब के सीएम भगवंत मान ने खुद को बेकसूर बताया है। उन्होंने दोहराया कि यह वायरल वीडियो पूरी तरह से फर्जी है। जारी वीडियो संदेश में मान ने कहा, "पिछले कुछ दिनों से गंदी राजनीति के तहत मेरे फर्जी वीडियो जारी किए जा रहे हैं। जब उन लोगों को कोई और रास्ता नहीं मिलता है, तो वह धर्म का इस्तेमाल करके मुझे बदनाम करने की साजिश करने लगते हैं। उस वायरल वीडियो में मैं नहीं हूं। बल्कि वह एक अभिनेता है, जो ठीक मेरी ही तरह दिखता है। मुझे बदनाम करने की साजिश की गई है।


