
भारत आए पुतिन का PM मोदी ने किया खास स्वागत, एयरपोर्ट पहुंच लगाया गले; एक ही कार में हुए सवार
Putin India Visit: रूसी राष्ट्रपति का विमान गुरुवार शाम नई दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। कुछ देर बाद विमान से उतरे पुतिन को पीएम मोदी ने रिसीव किया और गले लगा लिया।
Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार शाम को दो दिन के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। इस यात्रा का उद्देश्य लगभग आठ दशक पुरानी भारत-रूस साझेदारी को और मजबूत करना है, एक ऐसी साझेदारी जो जटिल भू-राजनीतिक माहौल के बावजूद स्थिर बनी हुई है। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया।
रूसी राष्ट्रपति का विमान शाम करीब साढ़े छह बजे के आसपास नई दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। कुछ देर बाद विमान से उतरे पुतिन को पीएम मोदी ने रिसीव किया और गले लगा लिया। इसके बाद, दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर रवाना हो गए। मालूम हो कि कुछ महीने पहले चीन के तियानजिन में आयोजित की गई एससीओ की बैठक में भी पीएम मोदी और पुतिन की एक ही कार में सवार वाली तस्वीर सामने आई थी।
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को होने वाली 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता को लेकर बेहतर माहौल बनाने के उद्देश्य से आज शाम पुतिन के लिए एक निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता का मुख्य विषय रक्षा संबंधों को मजबूत करना, भारत-रूस व्यापार को बाहरी दबाव से सुरक्षित रखना और छोटे मॉड्यूलर संयंत्रों में सहयोग की संभावनाओं की तलाश जैसे मुद्दों पर केंद्रित होगा। इस बैठक पर पश्चिमी देशों द्वारा करीबी नजर रखे जाने की संभावना है।
रूसी नेता का नई दिल्ली का लगभग 27 घंटे का दौरा इसलिए और भी अहम हो गया है क्योंकि यह भारत-अमेरिका संबंधों में तेजी से आ रही गिरावट की पृष्ठभूमि में हो रहा है। बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच व्यापार के क्षेत्रों सहित कई समझौते होने की उम्मीद है। दोनों नेताओं के बीच बैठक से पहले शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। बैठक हैदराबाद हाउस में होगी, जहां मोदी राष्ट्रपति पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए भोज का आयोजन करेंगे और इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा भी होगी।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



