मेरी सगाई हो गई... सुनते ही बैग से निकाली पिस्टल और सबके सामने धांय! एकतरफा प्यार की खूनी कहानी
घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी छात्र पिस्टल लेकर क्लासरूम तक कैसे पहुंच गया? पुलिस ने क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

पंजाब के तरनतारन जिले के उस्मा गांव में लॉ कॉलेज में हुए मर्डर-सुसाइड केस में बड़ा खुलासा हुआ है। माई भागो लॉ कॉलेज में आरोपी प्रिंस राज सिंह और छात्रा संदीप कौर एक ही क्लास में पढ़ते थे। प्रिंस लम्बे समय से एकतरफा प्यार करता था। रविवार को उसने फोन पर संदीप को प्रपोज किया था, लेकिन संदीप ने साफ इनकार कर दिया और इसकी जानकारी अपने परिवार को भी दे दी। सोमवार को कॉलेज खुलते ही प्रिंस राज सिंह बैग में पिस्टल लेकर क्लासरूम पहुंचा। उस वक्त संदीप अपनी सहेली के साथ बेंच पर बैठी थी। प्रिंस ने एक बार फिर सबके सामने उसे प्रपोज किया। संदीप ने कहा कि उसकी सगाई हो गई है तो यह बात सुनते ही वह बौखला गया। गुस्से में उसने बैग से पिस्टल निकाली और संदीप के सिर पर गोली मार दी।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है
संदीप के गिरते ही प्रिंस ने खुद की कनपटी पर भी पिस्टल सटाकर गोली चला ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने कहा कि प्रिंस राज सिंह कई दिनों से संदीप को परेशान कर रहा था और घर तक आकर प्यार का प्रस्ताव दे चुका था, जिसे संदीप ने हर बार ठुकराया। एसएसपी तरनतारन सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से ही जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार युवक के पास कैसे पहुंचा और वह कॉलेज तक इसे लेकर कैसे पहुंचा।
घटना के बाद कॉलेज प्रबंधक फरार
घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी छात्र पिस्टल लेकर क्लासरूम तक कैसे पहुंच गया? पुलिस ने क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद कॉलेज प्रबंधक भी मौके से भाग गया। मृतक स्टूडेंट का परिवार न्याय की मांग कर रहा है। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।



