‘मार ना!’ पंजाब में ड्रग्स एक्टिविस्ट ने दुकानदार को ललकारा, उसने गोली मार दी
अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों ने परविंदर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके साथियों को भी गोलियों के छर्रे लगे हैं और वे अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी केमिस्ट अश्वनी कुमार घटना के तुरंत बाद हथियार समेत मौके से फरार हो गया।
पंजाब के मानसा जिले में मंगलवार, 13 अक्टूबर की सुबह नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की एक मेडिकल स्टोर मालिक ने गोली मारकर सरेआम हत्या कर दी। यह पूरी खौफनाक वारदात खुद परविंदर सिंह झोटा के चलाए जा रहे फेसबुक लाइव वीडियो में कैद हो गई।
अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों ने परविंदर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके साथियों को भी गोलियों के छर्रे लगे हैं और वे अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी केमिस्ट अश्वनी कुमार घटना के तुरंत बाद हथियार समेत मौके से फरार हो गया।
फेसबुक लाइव पर 5 मिनट 48 सेकंड का खौफनाक मंजर
मानसा में सिंथेटिक ड्रग्स और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार स्टिंग ऑपरेशन करने वाले परविंदर सिंह झोटा मंगलवार सुबह अपने साथियों के साथ अश्वनी कुमार के मेडिकल स्टोर पर पहुंचे थे।
झोटा अपने साथ एक बुजुर्ग व्यक्ति को लेकर पहुंचे थे और दावा कर रहे थे कि उस बुजुर्ग ने अभी-अभी इस दुकान से प्रतिबंधित ड्रग्स खरीदा है।
करीब 5 मिनट 48 सेकंड के लाइव वीडियो में झोटा केमिस्ट अश्वनी कुमार से सीसीटीवी फुटेज दिखाने और पुलिस को बुलाने की बात कहते सुने जा रहे हैं।
वीडियो में झोटा कहते सुनाई देते हैं कि "अश्वनी ने पीठ के पीछे पिस्तौल छिपा रखी है... मार ना, मार मुझे, तूने पिस्तौल क्यों निकाली है?"। इसके तुरंत बाद गोलियों की तेज आवाजें आती हैं, फोन हाथ से नीचे गिर जाता है और लाइव बंद हो जाता है।
लिवर में लगी गोली, तीन घावों से हुई मौत
मानसा सिविल अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO) डॉ. गुरमेल सिंह के अनुसार, परविंदर सिंह झोटा के शरीर पर गोलियों के तीन निशान पाए गए— दो पेट में और एक जांघ में।
डॉक्टर ने बताया, "एक गोली सीधे लिवर को चीरती हुई निकल गई, जो अत्यधिक रक्तस्राव और मौत का कारण बनी। उनके साथ आए अन्य साथियों को भी मामूली छर्रे लगे हैं और वे खतरे से बाहर हैं।"
घटना की खबर फैलते ही मानसा सिविल अस्पताल और शहर में भारी संख्या में स्थानीय लोग और युवा जमा हो गए, जिससे पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है।
दो दिन पहले ही की थी CBI जांच की मांग
परविंदर सिंह झोटा मानसा और आसपास के इलाकों में मेडिकल स्टोरो पर बिकने वाले 'चिट्टा' और प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के खिलाफ खुलकर अभियान चलाते थे।
हत्या से महज दो दिन पहले झोटा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर कर CBI से मानसा आने की अपील की थी। उन्होंने खुले तौर पर आरोप लगाया था कि स्थानीय पुलिस की नाक के नीचे कई मेडिकल स्टोर्स से युवाओं को सिंथेटिक ड्रग्स बेचे जा रहे हैं।
पंजाब पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोपी अश्वनी कुमार पहले से ही आपराधिक पृष्ठभूमि का है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की कई टीमों को उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी के लिए रवाना किया गया है।

