अमृतसर में सरेआम गोलीकांड, यस बैंक की ब्रांच में लोन मैनेजर को मारी गोली
अमृतसर में यस बैंक की ब्रांच के अंदर दिनदहाड़े गोलीबारी हुई है। पैसे के लेन-देन के विवाद के बाद लोन डिपार्टमेंट के मैनेजर गौरव को गोली मार दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पंजाब के अमृतसर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पर यस बैंक की एक ब्रांच के अंदर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना हुई है। पैसे के लेन-देन को लेकर हुए झगड़े के दौरान लोन डिपार्टमेंट के मैनेजर गौरव को गोली मार दी गई। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) गगनदीप सिंह के मुताबिक, बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर तैनात जसपाल सिंह का कुछ लोगों से पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दो-तीन व्यक्ति बैंक की ब्रांच में आ गए। ब्रांच के अंदर पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बहस जल्दी ही हाथापाई और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अचानक पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। गोली सीधे लोन डिपार्टमेंट के मैनेजर गौरव को लग गई। गोली लगते ही बैंक में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी और ग्राहक डर के मारे इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस के अनुसार, गोली चलने के तुरंत बाद आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर ब्रांच से बाहर निकल गया। उसके साथ आए बाकी लोग भी मौके से फरार हो गए। बैंक स्टाफ ने घायल गौरव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
एसीपी गगनदीप सिंह ने बताया कि बैंक ब्रांच के अंदर और आसपास के इलाकों में लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे पैसे के लेन-देन का विवाद मुख्य वजह है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद कितना पुराना था और आरोपी पहले से बैंक से जुड़े थे या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।


