सजा तो मिलेगी; जंतर-मंतर आंदोलन से पहले कॉकरोचों को नितिन नवीन ने चेताया
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सीजेपी नेताओं को चेताया है। उन्होंने साफ-साफ कहा है कि उन्हें सजा तो जरूर मिलेगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सीजेपी नेताओं को चेताया है। उन्होंने साफ-साफ कहा है कि उन्हें सजा तो जरूर मिलेगी। नितिन नवीन ने एक वीडियो संदेश में कहा, "आज देश में बहुत खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। देश को अस्थिर करने की कोशिशें हो रही हैं। यह कौन कर रहा है? दो अराजक समूह है। एक INDI अलायंस के राहुल गांधी के नेतृत्व में और दूसरा अरविंद केजरीवाल के सहयोगियों CJP के नेतृत्व में।''
उन्होंने कहा, ''मैं इन दोनों समूहों से साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि भारत की जनता आपके इरादों को अच्छी तरह समझती है। देश में कौन ज्यादा अस्थिरता पैदा कर सकता है, इसे लेकर आपकी अराजकता की होड़ सफल नहीं होगी। ये वे लोग हैं जिन्हें जनता ने नकार दिया है। उस फैसले को स्वीकार करने या उससे सीखने के बजाय आपने देश को अस्थिर करने की साजिश रची है। मैं कहना चाहता हूं कि आप अपने राजनीतिक एजेंडे के तहत और विदेशी ताकतों के इशारे पर ये कोशिशें कर रहे हैं।"
वे आगे कहते हैं, "लगातार वैश्विक संकटों के बावजूद देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। फिर भी यह बात आपको खटकती है। आप भारत की वृद्धि, प्रगति और उन्नति को पचा नहीं पा रहे हैं। आप भारत को एक आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ते हुए नहीं देख सकते। आप विदेशी ताकतों के इशारे पर इसे अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि भारतीय लोकतंत्र में अपार शक्ति है। इस देश के देशभक्त एकजुट होकर आपकी साजिशों को नाकाम कर देंगे।"
देशभक्त नागरिक आपको मुंहतोड़ जवाब देंगे
नितिन नवीन ने कहा, "झूठ का सहारा लेकर संविधान के नाम पर लोकतंत्र को चुनौती देना जनता के जनादेश का अपमान है। देश की जनता ने जिसे जनादेश सौंपा है वही अभी देश का नेतृत्व कर रहा है। अलग-अलग राज्यों में आपकी लगातार चुनावी हार और उससे पैदा हुई हताशा से पता चलता है कि आप किसी न किसी तरह नहीं चाहते कि यह देश शांति से आगे बढ़े। हालांकि, मैं आज आपको चेतावनी देता हूं कि बीजेपी और इस देश के देशभक्त नागरिक आपको मुंहतोड़ और करारा जवाब देंगे।"
आपको सजा तो जरूर मिलेगी: नितिन नवीन
नितिन नवीन ने चेतावनी देते हुए कहा, "आपको सजा तो जरूर मिलेगी। तनाव भड़काने की आपकी कोशिशों से भारत सरकार सख्ती से निपटेगी और बीजेपी कार्यकर्ता लगातार लोगों के बीच रहते हैं वे आपकी साजिशों को नाकाम कर देंगे। प्रधानमंत्री 'नए भारत' के निर्माण में खुद को समर्पित कर रहे हैं और उन्हें 140 करोड़ नागरिकों का भरोसा हासिल है, इसलिए हम लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि हम देश के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि देश शांति और समृद्धि के साथ आगे बढ़े। हम सब मिलकर उस 'विकसित भारत' के सपने को साकार करेंगे जिस पर आपने भरोसा जताया है। ऐसी सभी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे।"


