तुकाराम मुंढे का नाम सुनते ही प्रदर्शन खत्म, रडार पर आएंगे पेपर में गड़बड़ी करने वाले
FDA यानी महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के प्रमुख तुकाराम मुंढे को MPSC परीक्षा मामले में गठित समिति का सचिव बनाया गया है। खास बात है कि पुणे में लंबे समय से छात्र परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रहे थे।

तुकाराम मुंढे अब नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। होटलों और रेस्त्रां पर सख्त कार्रवाई करने वाले FDA चीफ अब परीक्षा में सुधार का जिम्मा भी उठाने जा रहे हैं। उन्हें MPSC यानी महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग को लेकर गठित समिति का सचिव बनाया गया है। खास बात है कि इस घोषणा के साथ ही करीब 10 दिनों से विरोध प्रदर्शन पर बैठे छात्रों ने इसे खत्म कर दिया है।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री शिवेंद्र राजे भोसले ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की थी। उन्होंने बताया कि अधिकांश मांगों को मान लिया गया है। खास बात है कि छात्र एक जांच समिति बनाने की मांग कर रहे थे, जिसमें मुंढे जैसे अधिकारियों को नियुक्ति भी शामिल थी। इस समिति में उनके साथ अन्य लोग भी होंगे।
छुट्टी पर गए MPSC चेयरमैन
इधर, आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार ने घोषणा कर दी है कि वह जांच पूरी होने तक छुट्टी पर जा रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों की सबसे बड़ी मांग भीमनवार को हटाए जाने की थी। पुणे में एसएम जोशी ब्रिज पर प्रदर्शन कर रहे थे। साथ ही उनकी मांग थी कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया में सुधार कराए जाएं।
तुकाराम मुंढे के साथ और कौन
पीटाआई के मुताबिक, मुंढे के अलावा इस समिति में पूर्व न्यायाधीश दिलीप भोसले को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी लक्ष्मी गौतम, भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी गणेश पाटिल और सेवानिवृत्त न्यायाधीश पी डी नाईक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
ये मांगें भी मान ली गईं
भोसले ने प्रदर्शनकारियों को यह भी आश्वासन दिया कि उनकी अन्य मांगों का समाधान किया जाएगा। इन मांगों में कुछ आंदोलनकारियों पर दर्ज मामले वापस लेना, तीन वर्षों में 70,000 पदों पर भर्तियां करना, जनवरी में प्रस्तावित 'ग्रुप सी' परीक्षा में सीटों की संख्या बढ़ाना और एमपीएससी के अध्यक्ष एवं सचिव की नियुक्ति से पहले उनके पूर्व रिकॉर्ड की जांच शामिल है।
केस हो गया था दर्ज
पुणे पुलिस ने बिना इजाजत विरोध-प्रदर्शन करने, यातायात में रुकावट डालने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में आंदोलन के 15 प्रतिनिधियों के खिलाफ दो दिन पहले मामला दर्ज किया था। इसके अलावा, प्रदर्शन स्थल पर ड्रोन उड़ाने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
प्रदर्शन तेज करने की चेतावनी
खास बात है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एसपी विधायक रोहित पवार ने सरकार से रविवार शाम तक जवाब देने के लिए कहा था। पवार ने दावा किया कि इस मुद्दे से लगभग 25 लाख छात्र सीधे या परोक्ष रूप से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया कि वह 'एमपीएससी अध्यक्ष भीमनवार के साथ अपनी दोस्ती से ऊपर उठकर' अभ्यर्थियों की चिंताओं को प्राथमिकता दें।
पवार ने कहा कि अगर छात्र, उनके परिवार के सदस्य और अन्य नागरिक बड़ी संख्या में इसमें शामिल होते हैं, तो आंदोलन एक अलग मोड़ ले सकता है। पवार ने कहा कि एमपीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए फडणवीस जिम्मेदार हैं और उन्हें इस मामले में फैसला लेने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आयोग में सुधार के लिए बनाई जाने वाली समिति में एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे जैसे काबिल अधिकारियों को शामिल किया जाए।


