गुजरात से दिल्ली कूच कर रहे प्रदर्शनकारी, पुलिस ने कई जगहों से पकड़े; ट्रेन ही कैंसिल कर दी
दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले गुजरात में कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने और घरों में नजरबंद करने का आरोप लगा है। वकील लेउवा के समर्थन में गुजरात हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन ने प्रस्ताव पारित किया।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे गुजरात के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया या उनके घरों में नजरबंद कर दिया। कुछ कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें दिल्ली नहीं जाने का लिखित आश्वासन देने के लिए मजबूर किया। इस बीच, पश्चिम रेलवे ने अहमदाबाद के साबरमती स्टेशन से दिल्ली जाने वाली स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस को परिचालन संबंधी कारणों का हवाला देते हुए रद्द कर दिया।
कॉकरोच जनता पार्टी और अन्य संगठनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसी में शामिल होने की तैयारी कर रहे गुजरात के सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
54 लोगों के साथ दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे अश्विन वाघेला
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद के सामाजिक कार्यकर्ता अश्विन वाघेला और उनके समूह के 54 अन्य लोगों ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने अलग-अलग परिवहन साधनों से दिल्ली पहुंचने की तैयारी की थी।
वाघेला के मुताबिक, 9 अक्टूबर को अहमदाबाद पुलिस ने उन्हें और उनके समूह के तीन अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे जब वह नरोदा इलाके में थे, तब पुलिस उन्हें क्राइम ब्रांच कार्यालय ले गई। रात नौ बजे तक वहां रखने के बाद उन्हें गोमतीपुर पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
वाघेला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें छोड़ने से पहले लिखित में यह देने को कहा कि वे दिल्ली में CJP के प्रदर्शन में शामिल होने नहीं जाएंगे। उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया। इसके बाद पुलिस स्टेशन के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और हिरासत के विरोध में प्रदर्शन किया गया। वाघेला के अनुसार, वे रात दो बजे तक पुलिस स्टेशन में रहे और उसके बाद से घर में नजरबंद हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात में कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी पुलिस स्टेशन ले जाया गया या उनके घरों और कार्यस्थलों पर रोक दिया गया। कुछ लोगों के घरों के बाहर दो या उससे अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती किए जाने की बात भी सामने आई।
एसएफआई की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्योशा लेउवा को भी रोका गया
साबरकांठा जिले के वडवासा गांव की सरपंच और वकील सत्योशा लेउवा भी पुलिस की कार्रवाई से प्रभावित हुईं। वह स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और अहमदाबाद में होने वाले प्रदर्शन के आयोजकों में शामिल हैं।
उनके सहयोगी नितिश मोहन के अनुसार, 8 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे साबरकांठा जिले के प्रांतिज पुलिस स्टेशन से दो महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी उस घर पर पहुंचे, जहां लेउवा ठहरी हुई थीं। आरोप है कि पुलिसकर्मी रातभर घर के बाहर बैठे रहे।
9 अक्टूबर की सुबह लेउवा को 10 अक्टूबर को एमजे लाइब्रेरी के बाहर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति के संबंध में बयान देने के लिए अहमदाबाद के एलिसब्रिज पुलिस स्टेशन जाना था। नितिश मोहन ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी बस में उनके साथ बैठे और गांधीनगर के चिलोड़ा सर्किल के पास उन्हें बस से उतरने के लिए कहा।
इसके बाद लेउवा और उनके सहयोगियों ने एलिसब्रिज पुलिस स्टेशन और गुजरात हाईकोर्ट पहुंचकर कथित हिरासत और आवाजाही पर रोक के खिलाफ अपनी बात रखी।
वकीलों के संगठन ने लेउवा के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया
गुजरात हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन (GHCAA) ने सत्याेशा लेउवा के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया। संगठन ने वकीलों के खिलाफ मनमानी पुलिस कार्रवाई से सुरक्षा देने के लिए कानून बनाने की मांग की है।
9 अक्टूबर को हुई आपात आमसभा की बैठक में अधिवक्ता विशाल ठक्कर के अनुरोध पर यह मामला उठाया गया। प्रस्ताव के तहत एसोसिएशन का नेतृत्व गुजरात हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और राज्य के कानून एवं न्याय मंत्री के समक्ष मामला उठाएगा। इसके लिए गुजरात के जिला बार एसोसिएशनों से भी समर्थन मांगा जाएगा।
एसोसिएशन के मुताबिक, लेउवा की आवाजाही पर रोक लगाने के संबंध में पुलिस ने कोई लिखित आदेश या नोटिस नहीं दिया, जिसमें कार्रवाई का कारण बताया गया हो। संगठन ने गुजरात के पुलिस महानिदेशक और साबरकांठा के पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की परिस्थितियों और कानूनी आधार पर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही, निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
GHCAA ने कहा कि वकीलों को कई बार सरकार, पुलिस या अन्य सार्वजनिक प्राधिकरणों के खिलाफ मामलों में पेश होना पड़ता है। इसलिए उनकी स्वतंत्रता पर लगाई जाने वाली पाबंदियां संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 के तहत मिले संरक्षण के अनुरूप होनी चाहिए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता यतिन ओझा ने कहा कि सरकार किसी नागरिक के आंदोलन करने के अधिकार को खत्म नहीं कर सकती। सरकार किसी प्रदर्शन से असहमत हो सकती है, लेकिन नागरिकों को विरोध करने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि संगठन आगे की कार्रवाई की योजना बनाएगा।
देव देसाई और स्नेह भावसार ने भी लगाए आरोप
कार्यकर्ता देव देसाई ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे क्राइम ब्रांच के अधिकारी उनके घर पहुंचे और पूछा कि क्या वह दिल्ली जा रहे हैं। देसाई के मुताबिक, अधिकारियों ने उनसे सहयोग करने और घर में रहने को कहा। उन्होंने बताया कि दो पुलिसकर्मी उनके घर के बाहर तैनात थे।
उद्यमी और कार्यकर्ता स्नेह भावसार को भी शुक्रवार सुबह उनके घर से हिरासत में लिया गया। भावसार के मुताबिक, सुबह करीब 7:40 बजे पांच पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और उन्हें गुजरात यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन ले गए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शुरुआत में उन्हें ले जाने का कारण नहीं बताया।
भावसार ने बताया कि उनके दोस्तों ने पुलिस को इस बात का प्रमाण दिया कि वह अपने कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित करने वाले थे। इसके बाद पुलिसकर्मी उनके कार्यालय पहुंचे और कर्मचारियों को डराया-धमकाया। भावसार के अनुसार, शाम करीब 4:15 बजे उनसे लिखित बयान लिया गया कि वह दिल्ली में प्रदर्शन के लिए नहीं जाएंगे। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
अहमदाबाद में भी प्रदर्शन की तैयारी
रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात में कार्यकर्ताओं के एक समूह ने CJP के समर्थन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को अहमदाबाद में प्रदर्शन की योजना बनाई थी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस प्रदर्शन को पुलिस की अनुमति नहीं मिली थी।
वहीं, ‘सपोर्ट भारत’ नाम के एक अन्य समूह ने 11 अक्टूबर को अहमदाबाद में CJP के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की। समूह ने खुद को 500 से अधिक सदस्यों वाला नया GenZ संगठन बताया और दावा किया कि उसे प्रदर्शन के लिए पुलिस की अनुमति मिल गई है।
साबरमती से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस रद्द
पश्चिम रेलवे ने 9 अक्टूबर को साबरमती स्टेशन से शाम 7:20 बजे रवाना होने और अगले दिन सुबह 7:30 बजे दिल्ली पहुंचने वाली स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया। रेलवे ने इसके पीछे परिचालन संबंधी कारण बताए।

