दिलजीत दोसांझ के घर के पास खालिस्तान के समर्थन वाले नारे, जांच में जुटी पुलिस
मुख्तियार ने बताया कि उन्हें रात करीब 1:30 बजे अपने घर के बाहर स्प्रे पेंट की गंध आई। जब वे यह देखने के लिए बाहर निकले कि वहां कौन है तो उन्होंने चार लोगों को दीवार पर नारे लिखते हुए देखा।

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के पंजाब के दोसांझ कलां गांव स्थित उनके घर के पास एक दीवार पर खालिस्तान का समर्थन करने वाले विवादित नारे लिखे गए। एक रिपोर्ट के मुताबिक, वह कुछ ही दिनों में भारत में 'ऑरा इंडिया टूर 2026' की शुरुआत करने वाले हैं। इससे पहले ये नारे गांव के ही रहने वाले मुख्तियार की दीवार पर लिखे गए थे। मुख्तियार का कहना है कि जिन लोगों ने ऐसा किया हो सकता है कि उन्होंने गलती से उनके घर को दिलजीत दोसांझ का घर समझ लिया हो।
ड्राइवर का काम करने वाले मुख्तियार ने बताया कि उन्हें रात करीब 1:30 बजे अपने घर के बाहर स्प्रे पेंट की गंध आई। जब वे यह देखने के लिए बाहर निकले कि वहां कौन है तो उन्होंने चार लोगों को दीवार पर नारे लिखते हुए देखा। मुख्तियार ने कहा कि उन्होंने उनकी इस हरकत पर आपत्ति जताई, लेकिन वे लोग तुरंत भाग गए। उन्होंने बताया कि उनका घर दिलजीत के घर से थोड़ी ही दूरी पर है और हो सकता है कि उन लोगों ने गलती से उनके घर को सिंगर का घर समझ लिया हो।
इस घटना के बाद गोराया पुलिस के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर हरभजन सिंह मौके पर पहुंचे। खबरों के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज जांचे जाएंगे। इसमें शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि कानून के मुताबिक उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिलजीत दोसांझ का 'ऑरा इंडिया टूर'
दिलजीत दोसांझ भारत में अपना 'ऑरा टूर' शुरू करने की तैयारी कर हैं। वह एक नवंबर को दिल्ली-NCR से इसकी शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ जैसे कई अन्य शहरों में भी परफॉर्म करेंगे। चंडीगढ़ में भी एक कॉन्सर्ट की घोषणा की गई है। यह टूर उनके 'ऑरा वर्ल्ड टूर' के तहत हुए इंटरनेशनल परफॉर्मेंस के बाद हो रहा है।


