SUV की टक्कर और ब्रेन डेड हो गई मेडिकल छात्रा, मॉल के बाहर नशेड़ियों ने रौंदा
आंध्र प्रदेश में एक एसयूवी की टक्कर के बाद महिला को ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया है। खबर है कि आरोपी नशे में थे और महिला को टक्कर मारकर गिराने के बाद उसके सिर पर से गाड़ी भी निकाल दी थी। फिलहाल, जांच जारी है।

SUV की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मेडिकल की पढ़ाई कर रही छात्रा अपने भविष्य से धो बैठी। घटना हैदराबाद की है, जहां एक छात्रा को हादसे के बाद ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया है। खास बात है कि वाहन ने महिला को न सिर्फ टक्कर मारी, बल्कि उसके ऊपर भी चढ़ा दी। फिलहाल, पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हालांकि, अब तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता एम प्रियंका की उम्र 24 से 28 साल के बीच बताई जा रही है। हादसे बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था। गंभीर हालत होने के चलते बाद में उसे न्यूरोलॉजिकल केयर में शिफ्ट कर दिया गया था। खबर है कि परिवार उसे हैदराबाद में बेहतर इलाज के लिए लेकर जाने की तैयारी कर रहा है।
क्या हुआ था
घटना एवी अप्पा राव रोड की बताई जा रही है। यह प्रकाश नगर पुलिस थाना क्षेत्र में है। छात्रा जीएसएल मेडिकल कॉलेज में डर्मेटोलॉजी की पढ़ाई कर रही थी। वह उमेश नाम के एक दोस्त के साथ राजामुंद्री एवी मॉल के पास से स्कूटी से गुजर रहीं थीं। हादसे में उनके दोस्त को भी गंभीर चोटें आईं हैं। कहा जा रहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन शिनाख्त होना बाकी है।
आरोपियों ने पहले तो वाहन को पीछे से टक्कर मारी और फिर बाद में महिला के सिर पर से गाड़ी निकाल दी। इसके चलते उसे गंभीर चोटें आईं थीं।
नशे में थे आरोपी
रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस का कहना है कि दोनों युवाओं ने कथित तौर पर पहले शराब पी रखी थी। इसके बाद वह शॉपिंग मॉल में जाने की कोशिश कर रहे थे, जिसे लेकर सुरक्षा कर्मियों से उनका विवाद भी हुआ था। बाद में दोनों मॉल से चले गए थे। पुलिस को इस बात का संदेह है कि दोनों गुस्से में कार में लौटे और छात्रा को टक्कर मार दी।
घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें कार पीछे से दोपहिया वाहन सवार लोगों को टक्कर मार रही है और रौंदते हुए आगे निकल जाती है। लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पुलिस ने क्या बताया
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, पुलिस अधिकारी आर बाजीलाल ने महिला के ब्रेन डेड होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, 'दोपहिया वाहन की टक्कर के बाद SUV रुकी नहीं और प्रियंका के ऊपर से गुजर गई। SUV ने उमेश को भी टक्कर मारी, लेकिन उसे चोटें आईं हैं। लड़की की हालत बहुत गंभीर थी और सिर में चोटें लग गईं थीं। बाद में उसके परिवार ने हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया, जहां उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया।'
अधिकारी ने कहा, 'उसी समय फिल्म का शो छूटा था और लोग पार्किंग से बाहर आ रहे थे। मॉल गेट पार करने के बाद एसयूबी ने वाहन को टक्कर मारी, उसपर सवार दोनों को नीचे गिराया और प्रियंका के ऊपर से गाड़ी निकाल दी।'
खास बात है कि इस घटना के बाद से ही छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और जांच की मांग कर रहे हैं।


