Hindi NewsIndia NewsPrivate engineering college student raped in toilet fellow student arrested
कॉलेज के टॉयलेट में ले जाकर छात्रा से रेप, फिर आरोपी बोला- अबॉर्शन पिल तो नहीं चाहिए

कॉलेज के टॉयलेट में ले जाकर छात्रा से रेप, फिर आरोपी बोला- अबॉर्शन पिल तो नहीं चाहिए

संक्षेप: घटना के बाद पीड़िता ने अपने दो दोस्तों को इस बारे में बताया। एफआईआर के अनुसार, बाद में आरोपी ने पीड़िता को फोन कर पूछा कि क्या उसे पिल की जरूरत है, जिससे उसकी मंशा और स्पष्ट हो गई।

Fri, 17 Oct 2025 12:08 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

बेंगलुरु के एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज के परिसर में एक 21 साल के छात्र द्वारा अपनी ही साथी के साथ कॉलेज के शैचालय में रेप करने का मामला सामने आया है। इस घटना का खुलासा करीब पांच दिनों के बाद हुआ। आरोपी ने पीड़िता से यहां तक पूछा कि अबॉर्शन पिल तो नहीं चाहिए। इसके बाद पीड़िता अपने दोस्तों के पास गई और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आपको बता दें कि यह घटना 10 अक्टूबर की बताई जा रही है, जबकि पीड़िता ने 15 अक्टूबर को हनुमंतनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

एफआईआर के मुताबिक, मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (बलात्कार के लिए दंड) के तहत दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को पहले से जानते थे और सहपाठी रहे हैं। जीवन गौड़ा छठे सेमेस्टर में पढ़ रहा है, जबकि पीड़िता सातवें सेमेस्टर की छात्रा है।

घटना के दिन पीड़िता सुबह उससे अपने कुछ सामान लेने के लिए मिली थी। दोपहर के लंच के दौरान गौड़ा ने उसे कई बार फोन कर आर्किटेक्चर ब्लॉक की सातवीं मंजिल पर बुलाया। जब वह वहां पहुंची तो आरोपी ने उसे जबरन चूमने की कोशिश की। पीड़िता के लिफ्ट से नीचे जाने की कोशिश करने पर आरोपी छठी मंजिल तक उसका पीछा करता हुआ गया, जहां उसने उसे पुरुषों के शौचालय में खींचकर दुष्कर्म किया।

एफआईआर में यह भी दर्ज है कि आरोपी ने शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और घटना के दौरान जब पीड़िता का मोबाइल बजा तो वह उसका फोन छीन लिया। यह सब दोपहर 1:30 बजे से 1:50 बजे के बीच हुआ बताया जा रहा है।

मित्रों को बताने के बाद दर्ज हुई शिकायत

घटना के बाद पीड़िता ने अपने दो दोस्तों को इस बारे में बताया। एफआईआर के अनुसार, बाद में आरोपी ने पीड़िता को फोन कर पूछा कि क्या उसे पिल की जरूरत है, जिससे उसकी मंशा और स्पष्ट हो गई। पुलिस ने बताया कि पीड़िता मानसिक रूप से बेहद डरी हुई थी, इसलिए तुरंत शिकायत दर्ज नहीं कर सकी। बाद में उसने अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी और उनके साथ मिलकर शिकायत दर्ज कराई।

सबूत जुटाने में मुश्किलें

पुलिस के अनुसार, घटना वाली मंजिल पर कोई CCTV कैमरा नहीं लगा था, जिससे जांच जटिल हो गई है। हालांकि, फॉरेंसिक और डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। कॉलेज प्रशासन की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटना के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक घमासान छिड़ गया है।

कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक (भाजपा) ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “कर्नाटक में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। केवल चार महीनों में 979 यौन उत्पीड़न के मामले सामने आए हैं। सिर्फ़ बेंगलुरु में ही 114 से अधिक केस दर्ज हुए हैं। महिलाएं और बच्चे डर के माहौल में जी रहे हैं।” उन्होंने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) को पत्र लिखकर एक फैक्ट-फाइंडिंग टीम भेजने की मांग की है।

उन्होंने कहा, “भाजपा तब तक चुप नहीं बैठेगी जब तक हमारी बहनें और बेटियां सुरक्षित नहीं होतीं। सरकार को जवाब देना होगा और त्वरित कार्रवाई करनी होगी।”

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha
कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रैजुएट हिमांशु शेखर झा करीब 9 वर्षों से बतौर डिजिटल मीडिया पत्रकार अपनी सेवा दे रहे हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश के अलावा राष्ट्रीय राजनीति पर अच्छी पकड़ है। दिसंबर 2019 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े। इससे पहले दैनिक भास्कर, न्यूज-18 और जी न्यूज जैसे मीडिया हाउस में भी काम कर चुके हैं। हिमांशु बिहार के दरभंगा जिला के निवासी हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।