केरल में हिंसक हुई राजनीति, यूथ कांग्रेस की लेफ्ट विंग से झड़प; BJP ऑफिस पर किसने किया हमला?
एक बयान में बीजेपी ने दोनों घटनाओं की निंदा की और कहा कि अंधेरे की आड़ में उसके राज्य कार्यालय पर इस तरह के हमले लोकतंत्र के बुनियादी मूल्यों के लिए एक चुनौती हैं।

केरल की राजनीति में कल सियासी हिंसक झड़पें की कई खबरें सामने आई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने केरल में पार्टी के हेडक्वार्टर पर हमला किया और इमारत पर बोतलें और पत्थर फेंके। इससे पहले शाम को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य पी.के. कृष्णदास की गाड़ी पर भी हमला किया गया था। वहीं, इसी राज्य में बुधवार को कांग्रेस और लेफ्ट विंग के छात्र आपस में भिड़ गए।
एक बयान में बीजेपी ने दोनों घटनाओं की निंदा की और कहा कि अंधेरे की आड़ में उसके राज्य कार्यालय पर इस तरह के हमले लोकतंत्र के बुनियादी मूल्यों के लिए एक चुनौती हैं। पार्टी ने एक बयान में कहा, "जब कोई किसी का राजनीतिक रूप से सामना करने में असमर्थ होता है, तो हिंसा का सहारा लेना लोकतांत्रिक राजनीति के अनुरूप नहीं है।"
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च के दौरान झड़प
वहीं, तिरुवनंतपुरम के पलायम इलाके में लेफ्ट और कांग्रेस के छात्र विंग के बीच झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को युवा कांग्रेस और डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा निकाले गए विरोध मार्च के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा हुई।
जलती हुईं मशालें फेंकी
पुलिस के अनुसार, जब विरोध मार्च केरलम विश्वविद्यालय के छात्रावास के पास पहुंचा तो झड़प हो गई। अधिकारियों ने बताया कि युवा कांग्रेस और केएसयू कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास से मार्च पर पथराव किया गया। वहीं, एसएफआई/डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने छात्रावास में रह रहे छात्रों की ओर जलती हुई मशालें फेंकीं।
160 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने हिंसा को काबू में करने के लिए छात्रावास के अंदर तथा बाहर लाठीचार्ज किया। म्यूजियम पुलिस ने नेमोम शजीर, गोपी नायर, सैयदाली कैपाडी, श्यामलाल और अभिजीत समेत युवा कांग्रेस/केएसयू के 80 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने वेणु, श्रीकुमार, डेनी, अश्विन और आदित्यन समेत एसएफआई/डीवाईएफआई के 80 कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, केरल पुलिस अधिनियम, केरल सार्वजनिक मार्ग प्रतिबंध एवं सभाएं तथा जुलूस अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाव अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को तलब किया जाएगा और गिरफ्तार किया जाएगा, क्योंकि उनके खिलाफ लगाए गए अपराध गैर-जमानती हैं।
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने गुरुवार को राज्यभर के शैक्षणिक संस्थानों में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।


