कांग्रेस के प्रोटेस्ट में पिट गए पुलिसवाले? वीडियो जांच रही दिल्ली पुलिस, FIR की तैयारी

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट और ड्यूटी में बाधा के मामले में दिल्ली पुलिस वीडियो फुटेज खंगाल रही है। पुलिस प्रदर्शनकारियों की पहचान कर रही है और मामले में FIR दर्ज किए जाने की संभावना है।

कांग्रेस प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, वीडियो खंगाले जा रहे; इन लोगों की होगी पहचान
कांग्रेस प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, वीडियो खंगाले जा रहे; इन लोगों की होगी पहचान

जंतर-मंतर के पास कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट और उनके काम में बाधा डालने के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस मोबाइल फोन से बनाए गए कई वीडियो खंगाल रही है, ताकि कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट या उन्हें रोकने वाले प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा सके। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने की संभावना है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो फुटेज में महिला पुलिसकर्मियों और कांस्टेबलों के साथ कथित मारपीट के विजुअल भी हैं। इन फुटेज की जांच कर घटनाक्रम का क्रम समझने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की या उन्हें रोकने से जुड़े दूसरे वीडियो भी जांचे जा रहे हैं।

पुलिसकर्मियों से मारपीट मामले में FIR संभव

टाइम्स ऑफ इंडिया ने पुलिस सूत्रों के हवाले से लिखा है कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की उन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा सकती है, जो सरकारी कर्मचारियों पर हमले, उनके कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा डालने और अन्य संबंधित अपराधों से जुड़ी हैं। यह जांच कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तथा उनके समर्थकों की ओर से मंगलवार और बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर किए गए प्रदर्शनों के बाद शुरू हुई है।

बुधवार को जंतर-मंतर की ओर बढ़ने से रोके जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत करीब 90 लोगों को हिरासत में लिया था। दोनों नेताओं को रात करीब 8 बजे के बाद हिरासत से छोड़ दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, राहुल गांधी को बाराखंभा थाने और प्रियंका गांधी को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया था।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो भी जांच के दायरे में

प्रदर्शनों से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो को लेकर भी दिल्ली पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से 11 पोस्ट और वीडियो हटाने या उनकी पहुंच सीमित करने को कहा था। पुलिस का आरोप था कि इन पोस्ट में हालिया प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई की भ्रामक तस्वीर पेश की गई।

सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत जारी नोटिस में पुलिस ने कहा कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया, बैरिकेड हटाए या उनके ऊपर से निकलने की कोशिश की और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत लगाई गई पाबंदियों के बावजूद आगे बढ़ने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद ड्यूटी कर रहे कर्मियों ने कुछ प्रदर्शनकारियों को रोका या हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि कुछ वीडियो में इसके बाद की पुलिस कार्रवाई को चुनिंदा तरीके से ‘दुर्व्यवहार’ या ‘अनुचित बल प्रयोग’ के रूप में दिखाया गया, जबकि उससे पहले की कथित रुकावट, विरोध और निर्देशों का पालन नहीं करने की घटनाओं को नहीं दिखाया गया। पुलिस ने इन वीडियो को ‘चुनिंदा, भ्रामक और संदर्भ से अधूरा’ बताया और कहा कि इससे पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर गलत धारणा बन सकती है।

SIR को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

बुधवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेता और कांग्रेस कार्यकर्ता जंतर-मंतर की ओर बढ़े थे। पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सेंट्रल दिल्ली में शांगरी-ला होटल के पास एक गोलचक्कर के नजदीक धरना दिया।

प्रियंका गांधी और कई महिला नेताओं ने संविधान की प्रति लेकर सड़क पर लेटकर विरोध जताया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया। प्रियंका गांधी ने कहा कि सांसद सिर्फ चुनाव आयुक्तों से मिलने की मांग कर रहे थे और आरोप लगाया कि उनके साथ इस तरह व्यवहार किया जा रहा है।

इससे एक दिन पहले, 6 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

पुलिस की शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोनों कांग्रेस नेताओं, उनके समर्थकों और अन्य सांसदों ने बिना अनुमति परिसर में प्रवेश किया। प्रदर्शनकारियों के इमारत में प्रवेश की कोशिश के दौरान कथित तौर पर घायल हुए दो सुरक्षा गार्डों की चिकित्सकीय-कानूनी जांच भी कराई गई थी।

मंगलवार को चुनाव आयोग कार्यालय की ओर विपक्षी मार्च के बाद आकाशवाणी भवन के अंदर आठ घंटे से अधिक समय तक चले धरने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने कहा था कि मार्च के लिए नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त के पास कोई आवेदन नहीं दिया गया था और इसकी अनुमति भी नहीं मिली थी।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsकांग्रेस के प्रोटेस्ट में पुलिसवालों की पिटाई? ऐक्शन की तैयारी में दिल्ली पुलिस