Hindi NewsIndia NewsPM Narendra Modi offers prayers at Gangaikonda Cholapuram Temple in Tamilnadu
मैं काशी का सांसद हूं, ॐ नमः शिवाय सुनता हूं तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं; चोलपुरम मंदिर में बोले पीएम मोदी

मैं काशी का सांसद हूं, ॐ नमः शिवाय सुनता हूं तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं; चोलपुरम मंदिर में बोले पीएम मोदी

संक्षेप: गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर तमिलनाडु के अरियालुर जिले में स्थित ऐतिहासिक मंदिर है, जिसे 11वीं शताब्दी में चोल सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम ने बनवाया था। यह मंदिर यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल ग्रेट लिविंग चोल टेम्पल्स का हिस्सा है। 

Sun, 27 July 2025 03:15 PMNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर में महान चोल सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब वह ‘ॐ नमः शिवाय’ सुनते हैं तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा, 'एक प्रकार से ये राज राजा की श्रद्धा भूमि है और आज इलैयाराजा ने जिस प्रकार हम सभी को शिवभक्ति में डुबो दिया, क्या अद्भुत वातावरण था। मैं काशी का सांसद हूं, जब मैं ॐ नमः शिवाय सुनता हूं तो मेरे रोंगटे खड़े हो जाते हैं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इतिहासकार मानते हैं कि चोल साम्राज्य का दौर भारत के स्वर्णिम युगों में से एक था। चोल साम्राज्य ने भारत को लोकतंत्र की जननी कहने की परंपरा को भी आगे बढ़ाया। इतिहासकार लोकतंत्र के नाम पर ब्रिटेन के मैग्ना कार्टा की बात करते हैं। लेकिन कई सदियों पहले, चोल साम्राज्य में लोकतांत्रिक पद्धति से चुनाव होते थे। हम ऐसे कई राजाओं के बारे में सुनते हैं जो दूसरे स्थानों पर विजय प्राप्त करने के बाद सोना, चांदी या पशुधन लाते थे। लेकिन राजेंद्र चोल गंगाजल लेकर आए।'

भगवान बृहदेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना

पीएम मोदी ने रविवार को चोलकालीन भगवान बृहदेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। वैदिक और शैव तिरुमुराई मंत्रोच्चार के बीच उन्हें आराधना करते देखा गया। वह पारंपरिक रूप से सजा हुआ एक कलश साथ लाए, जिसके बारे में बताया जा रहा है है कि उसमें गंगा नदी का जल है। मंदिर के पुजारियों ने पारंपरिक तरीके से पूर्ण कुंभम के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। वेष्टि (धोती), सफेद कमीज और गले में अंगवस्त्र पहने पीएम ने मंदिर के भीतरी गलियारे की परिक्रमा की। पीएम मोदी ने चोल शैव धर्म और वास्तुकला पर आधारित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की एक प्रदर्शनी भी देखी।

ये भी पढ़ें:माफ करो और आगे बढ़ो... बालाकोट हमले में शामिल पायलट और उसकी पत्नी को SC की सलाह
ये भी पढ़ें:ED-CBI की जांच रुकवाएं, BRS का करा देंगे BJP में विलय; MP का दावा- KTR का था ऑफर

गंगईकोंडा मंदिर का इतिहास

गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर तमिलनाडु के अरियालुर जिले में स्थित ऐतिहासिक मंदिर है, जिसे 11वीं शताब्दी में चोल सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम ने बनवाया था। यह मंदिर यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल ग्रेट लिविंग चोल टेम्पल्स का हिस्सा है, जिसमें तंजावुर का बृहदेश्वर मंदिर और दारासुरम का ऐरावतेश्वर मंदिर भी शामिल हैं। यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। इसका नाम गंगईकोंडा चोलपुरम (गंगा को जीतने वाला चोल) राजेंद्र चोल की गंगा नदी तक सैन्य विजय को स्मरण करता है।

गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर का मुख्य गर्भगृह 55 मीटर ऊंचा है। इसमें 13.5 फीट ऊंचा शिवलिंग स्थापित है, जो दक्षिण भारत के सबसे बड़े शिवलिंगों में से एक है। मंदिर की वास्तुकला द्रविड़ शैली की है, जिसमें जटिल नक्काशी और मूर्तियां हैं, जो चोल कला और स्थापत्य की उत्कृष्टता को दर्शाती हैं। यह मंदिर चोल साम्राज्य की राजधानी के रूप में 250 वर्षों तक रहा और इसका निर्माण 1035 ईवी में पूरा हुआ। मंदिर परिसर में नंदी मंडप, अलंकार मंडप और महा मंडप जैसे कई मंडप हैं। यहां प्रतिदिन चार पूजाएं और वार्षिक उत्सव जैसे महाशिवरात्रि आयोजित होती है। यह मंदिर पर्यटकों के लिए सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे और शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहता है।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।