
गुलामी की मानसिकता विकसित भारत के लक्ष्य में बड़ी रुकावट, HTLS 2025 में बोले पीएम मोदी
HTLS Summit 2025 में पीएम मोदी ने कहा, 'गुलामी की मानसिकता ने एक बहुत बड़ा नुकसान भारत में गवर्नेंस के अप्रोच को भी किया। हमारे देश में ऐसे-ऐसे प्रावधान चल रहे थे, जहां जरा सी गलतियों को भी गंभीर अपराध माना जाता था।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 'हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2025' में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज हर सेक्टर में गुलामी की मानसिकता को पीछे छोड़कर नए गौरव को हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा, 'गुलामी की मानसिकता ने एक बहुत बड़ा नुकसान भारत में गवर्नेंस के अप्रोच को भी किया। लंबे समय तक सरकारी सिस्टम का अपने नागरिकों पर अविश्वास रहा। हमारे देश में ऐसे-ऐसे प्रावधान चल रहे थे, जहां जरा सी गलतियों को भी गंभीर अपराध माना जाता था।'
प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले मैंने देश से एक अपील की है। मैकाले की जिस नीति ने भारत में मानसिक गुलामी के बीज बोए थे, उसे 2035 में 200 साल पूरे हो रहे हैं यानी 10 साल बाकी हैं। इसलिए इन्हीं 10 वर्षों में हम सभी को मिलकर अपने देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करके रहना है। पीएम मोदी ने कहा, 'गुलामी की मानसिकता विकसित भारत के लक्ष्य में सबसे बड़ी रुकावट है। आप भी जानते हैं कि कोई भी देश बिना आत्मविश्वास के आगे नहीं बढ़ सकता। दुर्भाग्य से लंबी गुलामी ने भारत के इसी आत्मविश्वास को हिला दिया था। इसकी वजह थी, गुलामी की मानसिकता।'
मानसिकता बदलने पर पीएम मोदी ने दिया जोर
एचटी लीडरशिप समिट में बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'मैं आपको एक उदाहरण देता हूं कि हम किस सोच के साथ काम कर रहे हैं। आप यह भी जानते हैं कि भारत की क्षमता का एक बड़ा हिस्सा लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुआ है। जब देश की इस बिना इस्तेमाल की क्षमता को ज्यादा से ज्यादा मौके मिलते हैं। जब यह पूरी ताकत के साथ और बिना किसी रुकावट के देश के विकास में हिस्सा लेता है, तो देश का बदलाव जरूर होता है। आज भारत इस बिना इस्तेमाल की क्षमता का इस्तेमाल करने के विजन के साथ आगे बढ़ रहा है। आज पूर्वी भारत में मॉडर्न इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और इंडस्ट्री में बहुत ज्यादा निवेश हो रहा है। हमारे गांव और छोटे शहर भी मॉडर्न सुविधाओं से लैस हो रहे हैं। हमारे छोटे शहर स्टार्टअप और MSME के लिए नए हब बन रहे हैं।'





