विधेयक के विरोध में काले कपड़े पहनकर आए इस पार्टी के सांसद, पीएम मोदी ने कसा तंज
केंद्र सरकार के महिला आरक्षण और परीसीमन बिल का विरोध कर रहे डीएमके सांसदों के ऊपर पीएम मोदी ने तंज कसा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शुभ काम में काला टीका लगाने की परंपरा होती है। इसलिए इन सभी का धन्यवाद।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरुवार को महिला आरक्षण से संबंधित विधेयकों का विरोध कर रहे डीएमके सांसदों पर तंज कसा। सदन में विरोध जताने के के लिए काले कपड़े पहनकर शामिल हुए द्रमुक सांसदों पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह बुरी नजर से बचाने के लिए 'काला टीका' लगाने जैसा है। बता दें, कि डीएमके सांसद दक्षिण भारत के राज्यों में परिसीमन के माध्यम से सीटे कम होने का डर जता रहे हैं। इसी वजह से सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित विधेयक पर सदन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने काले कपड़े पहनकर आए डीएमके सांसदों के ऊपर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, ''मैं हल्के-फुल्के अंदाज में कुछ कहना चाहूंगा।'' मोदी ने द्रमुक सांसदों के काले कपड़ों और काले झंडों का परोक्ष जिक्र करते हुए कहा, ''हरेक के अपने राजनीतिक करण होते हैं। पराजय का डर जरा हैरान करने वाला होता है। अपने यहां जब भी कोई शुभ काम होता है तो उसे नजर नहीं लग जाए, इसके लिए काला टीका लगाने की परंपरा है। मैं आपका धन्यवाद करता हूं काला टीका लगाने के लिए।''
गौरतलब है कि द्रमुक सांसद जहां लोकसभा में काले परिधान पहनकर आए, वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष एम के स्टालिन ने राज्य में एक चुनावी रैली के दौरान काला झंडा लहराया और परिसीमन विधेयक को 'काला कानून' करार देते हुए उसकी प्रति जलाई। इसके बाद द्रमुक के नेताओं, राज्य के मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने घरों, पार्टी दफ्तरों पर काले झंडे लगाए।
प्रियंका गांधी ने किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी परोक्ष रूप से डीएमके सांसदों के काले कपड़ों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री के संबोधन का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि सरकार के इस विधेयक से राजनीति की बू आती है। उन्होंने कहा कि सरकार अगर चाहती है कि सभी पक्ष उनके महिला आरक्षण विधेयक का खुलकर समर्थन करें, तो उन्हें इसमें दो तीन परिवर्तन कर देना चाहिए। फिर सभी लोग इसका समर्थन करेंगे। और फिर 'काला टीका' भी काम आ जाएगा।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

