मैं हनुमान चालीसा पढ़ता रहा, PM मोदी से वीडियो कॉल पर बात कर भावुक हुए स्मित मच्छार
बीते बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक विमान की कॉकपिट में मच्छार को उनके को-पायलट ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लेकिन स्मित मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर लोगों की जान बचा ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई विमान में अदम्य साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल पर बातचीत की है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने इतने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद 174 से अधिक यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान बचाने के लिए उनके साहस की जमकर तारीफ की। उन्होंने कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। इस दौरान स्मित बेहद भावुक हो गए।
वीडियो कॉल के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि स्मित ने साबित कर दिया कि हिंदुस्तानी किसी की जान लेने वाले लोग नहीं, बल्कि जान बचाने वाले लोग हैं। प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी, सूझबूझ और मुश्किल वक्त में धैर्य बनाए रखने की सराहना की। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश स्मित के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा, “आपने चंद सेकेंड में निर्णय लेकर इतने लोगों की जान बचा ली।… आपने अपने शरीर पर इतना बड़ा घाव लेकर, खुद जीवन और मृत्यु की परवाह नहीं की, लोगों की परवाह की और सबसे बड़ी बात आपने 140 करोड़ देशवासियों का मान रखा। मैं हृदय से गर्व अनुभव करता हूं।”
भावुक हुए स्मित
प्रधानमंत्री से बात करते समय स्मित भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से बात करना उनके लिए बहुत खास पल है। बातचीत के दौरान स्मित ने प्रधानमंत्री से कहा कि वह उनके बड़े आदर्श रहे हैं हैं। स्मित मच्छार इस दौरान बेहद भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “आप मेरे सबसे बड़े प्रेरणास्त्रोत रहे हैं। मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है।” स्मित ने आगे विमान के अंदर की पूरी आपबीती बताई। उन्होंने बताया, “उस वक्त मैं अपनी जिंदगी के लिए लड़ रहा था। मुझे इतने घाव लगे थे कि मैं गिर चुका था। लेकिन उस पल को मैंने सोचा कि अगर मैं अभी नहीं उठा तो कुछ भी हो सकता है।”
स्मित मच्छार ने बताया कि जब वो नीचे गिरे थे तब उन्हें पता चल गया था कि एयरक्राफ्ट नीचे रहा था इसके बाद वे हिम्मत करके उठे और दरवाजा खोला और फिर बाकी लोग आए। आपबीती सुनाते हुए वे काफी भावुक थे। उनकी आंखों में आंसू भी आ गए।
मुश्किल वक्त में पढ़ रहे थे हनुमान चालीसा
स्मित ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि जब भी वह किसी मुश्किल में होते हैं तो हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। उन्होंने कहा कि फ्लाईदुबई विमान में हुए उस बेहद मुश्किल घटनाक्रम के दौरान भी वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। स्मित ने बताया, “उस वक्त मैं सिर्फ हनुमान चालीसा ही पढ़ रहा था और मुझे पता है मुझे भगवान ने ही बचाया।”
प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान स्मित की मां गीता बेन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी मां ने उन्हें भगवद्गीता के मूल्यों और शिक्षाओं के साथ बड़ा किया है। पीएम मोदी ने स्मित मच्छार से कहा है कि उन्हें किसी भी मदद की जरूरत हो वे बस एक फोन कॉल दूर हैं।
स्मित ने फ्लाइट को क्रैश होने से बचाया
गौरतलब है कि फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर हुए हमले में स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। को-पायलट विमान को क्रैश करना चाहता था और उसने स्मित मच्छार पर विमान में मौजूद कुल्हाड़ी से कई वार किए। खून से लथपथ होने के बावजूद स्मित ने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला। इसके बाद क्रू मेंबर्स और कुछ यात्रियों ने को पायलट को पकड़ा और विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।


