पीएम मोदी ने UAE के राष्ट्रपति से फोन पर की बात, मिसाइल हमलों के बाद भारत का स्टैंड किया साफ

Mar 01, 2026 11:48 pm ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

यूएई पर हुए हमलों के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की है। 

पीएम मोदी ने UAE के राष्ट्रपति से फोन पर की बात, मिसाइल हमलों के बाद भारत का स्टैंड किया साफ

यूएई पर हुए हमलों के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की है। अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि भारत यूएई पर हुए इन हमलों की कड़ी निंदा करता है और इन हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत इन कठिन परिस्थितियों में यूएई के साथ पूर्ण एकजुटता के साथ खड़ा है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और उनकी देखभाल के लिए उठाए गए प्रयासों के लिए यूएई के राष्ट्रपति का धन्यवाद दिया। उन्होंने यह भी कहा कि हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता के समर्थन में हैं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?

सोशल मीडिया एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा कि मैंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। मैंने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की। भारत इन कठिन समय में संयुक्त अरब अमीरात के साथ एकजुटता से खड़ा है। मैंने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।

बता दें कि संयुक्त अरब अमीरात द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, उसको निशाना बनाकर किए गए ईरानी सैन्य हमलों में मामूली रूप से घायल हुए 58 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि उसे भारतीय नागरिक के घायल होने की जानकारी है और वह अस्पताल अधिकारियों के संपर्क में है। मिशन ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारतीय नागरिक खतरे से बाहर है। हम हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरानी हमलों में तीन लोग मारे गए और 58 लोग मामूली रूप से घायल हुए।

अमेरिका और इजरायल द्वारा शनिवार को ईरान पर हमला करने के बाद, ईरान ने कई खाड़ी देशों में इजरायली और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए हमलों को अंजाम दिया है। रविवार तड़के तेहरान द्वारा देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की इजरायल-अमेरिका के हमलों में मौत की घोषणा किए जाने के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई तेज हो गई।

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान द्वारा हमले की शुरुआत से लेकर अब तक उसकी सेना ने 165 बैलिस्टिक मिसाइलों, दो क्रूज मिसाइलों और 541 ड्रोन के हमलों को झेला है। इसमें कहा गया है कि कुल 541 ईरानी ड्रोन हमले हुए, जिनमें से 506 को रोककर नष्ट कर दिया गया, जबकि 35 देश के भीतर गिरे, जिससे भौतिक क्षति हुई।

इसमें कहा गया है कि इन घटनाओं के परिणामस्वरूप पाकिस्तानी, नेपाली और बांग्लादेशी नागरिकों में से तीन की मौत हो गई और अमीराती, मिस्र, इथियोपियाई, फिलिपिनो, पाकिस्तानी, ईरानी, ​​भारतीय, बांग्लादेशी, श्रीलंकाई, अजरबैजानी, यमनी, युगांडा, इरिट्रियाई, लेबनानी और अफगान नागरिकों में 58 लोग मामूली रूप से घायल हो गए।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।