पीएम मोदी ने जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला से की बात, मिडिल ईस्ट संकट पर जताई चिंता
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय से फोन पर बातचीत की। उन्होंने क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति और युद्ध जैसे हालात पर गहरी चिंता जताई है।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय से फोन पर बातचीत की। उन्होंने क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति और युद्ध जैसे हालात पर गहरी चिंता जताई है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मैंने जॉर्डन के महामहिम राजा अब्दुल्ला द्वितीय से बात की। मैंने क्षेत्र में उत्पन्न हो रही स्थिति पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की। हम जॉर्डन की शांति, सुरक्षा और वहाँ की जनता के कल्याण के लिए अपना समर्थन दोहराते हैं। मैंने इस कठिन समय में जॉर्डन में रह रहे भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है और भारत संवाद व कूटनीति के माध्यम से सभी विवादों के समाधान का समर्थन करता है। ईरान द्वारा सऊदी अरब और कतर पर हमले किए जाने के बाद भारत पश्चिम एशिया में रहने वाले लगभग 90 लाख भारतीयों की सुरक्षा को देखते हुए लगातार घटनाक्रम पर नजर रख रहा है। मोदी रविवार से अब तक संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, सऊदी अरब के 'क्राउन प्रिंस' और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान और बहरीन के शाह हम्माद बिन ईसा अल खलीफा से फोन पर बात कर चुके हैं।
मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ द्विपक्षीय बातचीत के बाद कहा कि पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए बेहद चिंताजनक है। भारत संवाद और कूटनीति के माध्यम से सभी विवादों का समाधान करने का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि हम सभी देशों के साथ मिलकर क्षेत्र में सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम करते रहेंगे। मोदी और कार्नी के बीच हुई वार्ता में पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) पी. कुमारन ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ईरान में बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताई गई और दोनों नेताओं ने कहा कि संवाद और कूटनीति के जरिये ही समस्याओं का हल निकाला जाना चाहिए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि आम नागरिकों को नुकसान न पहुंचे, जिनका इस सब से कोई लेना-देना नहीं है। सऊदी अरब के युवराज से फोन पर बातचीत के बाद मोदी ने कहा कि भारत सऊदी अरब पर हाल ही में किए गए हमलों की निंदा करता है, जो उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन है।
मोदी ने 'एक्स' पर लिखा कि हमने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली अत्यधिक महत्वपूर्ण है। मैंने उन्हें कठिन समय में भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए धन्यवाद दिया। अल खलीफा के साथ बातचीत में मोदी ने कहा कि भारत इस "कठिन समय" में बहरीन के लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत बहरीन पर हुए हमलों की निंदा करता है और इस कठिन समय में उसके लोगों के साथ खड़ा है। मैंने उन्हें बहरीन में भारतीय समुदाय के अडिग समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
ईरान ने इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन और सऊदी अरब समेत कई खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को मुख्य रूप से निशाना बनाते हुए हमले किए हैं। इसके बाद शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले किए।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें



