स्मित मच्छार के घर PM मोदी ने मिलाया फोन, 'हीरो' के परिवार से क्या बोले?

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट को क्रैश कराने से बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार हादसे में बुरी तरह घायल हो गए हैं। पीएम मोदी ने उनके परिवार से बात करते हुए मदद का भरोसा दिलाया है। कैप्टन स्मित ICU में भर्ती हैं।

PM Modi speaks to Indian pilot Smit Machchhar wife and parents
पीेएम मोदी ने स्मित के घरवालों से बात की है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्लाईदुबई विमान के जांबाज भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से फोन पर बात की है। इस दौरान पीएम मोदी ने स्मित के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी को भी जमकर सराहा है। बता दें कि बुधवार को फ्लाईदुबई फ्लाइट की कॉकपिट में को-पायलट के खौफनाक हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने साहस दिखाते हुए सैकड़ों यात्रियों की जान बचाई और एक बड़े हादसे को टाल दिया।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक कैप्टन मच्छार फिलहाल सऊदी अरब के तबुक में एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं। यहां उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक चाकू के हमले में वे बुरी तरह जख्मी हो गए थे। इस बीच पीएम मोदी ने उनके परिवार से फोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने परिजनों से बातचीत के दौरान भरोसा दिलाया कि भारतीय दूतावास लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और परिवार को हर तरह की सहायता दी जा रही है।

पीएम मोदी ने बताया हीरो

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन मच्छार की बहादुरी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें हीरो बताया था। पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में कहा, ''कैप्टन स्मित मच्छार एक नायक हैं। सबसे गंभीर खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस और अटूट संकल्प दिखाया। उनके साहस ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद की और बड़ी त्रासदी टाली।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। उन्होंने कहा, ''मैं उनके जल्द स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।''

नेतन्याहू और ट्रंप ने भी सराहा

पीएम मोदी के अलावा इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मच्छार की सराहना की है। नेतन्याहू ने एक बयान कहा, ''चाकू से हमला किए जाने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने मुकाबला किया, हमलावर को रोका और कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे यात्री और चालक दल के सदस्य हमलावर को काबू में कर पाए। इससे हवा में एक भयावह दुर्घटना टल गई।'' इजराइली प्रधानमंत्री ने कहा, ''उन्होंने इजराइली नागरिकों और अन्य देशों के नागरिकों समेत 174 लोगों की जान बचाई। मैं कैप्टन मच्छार के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वह सच्चे नायक हैं।'' उन्होंने कहा, ''असाधारण बहादुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को मेरा सलाम।'' वहीं ट्रंप ने भी स्मित मच्छार के साहस की तारीफ की।

स्मित मच्छार ने दिखाया गजब का साहस

इससे पहले बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में अचानक हड़कंप मच गया। कॉकपिट के अंदर को-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और कॉकपिट का लॉक खोल दिया। दरवाजा खुलते ही बाहर मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने तुरंत अंदर जाकर हमलावर को-पायलट को दबोच लिया। जानकारी के मुताबिक हमलवार विमान को क्रैश करना चाहता था। तब विमान में 174 लोग सवार थे। बाद में विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पायलट स्मित खून से लथपथ, ऑक्सीजन मास्क पहने और विमान की गैली में पीठ के बल लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं।

13 साल का है अनुभव

भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार एविएशन इंडस्ट्री के एक बेहद अनुभवी पायलट हैं। उनके पास कमर्शियल एविएशन में 13 से अधिक सालों का अनुभव है। उनके पास 9,750 से अधिक फ्लाइंग आवर्स का भी अनुभव है। फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले उन्होंने 11 साल से अधिक समय तक भारतीय एयरलाइन स्पाइसजेट में बतौर लाइन ट्रेनिंग कैप्टन अपनी सेवाएं दी थीं।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsस्मित मच्छार के घर PM मोदी ने मिलाया फोन, 'हीरो' के परिवार से क्या बोले?