TMC के महाजंगल राज को खत्म करना चाहते हैं बंगाल के लोग, पीएम मोदी का निशाना

Jan 18, 2026 07:36 pm ISTMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की सीमाओं पर अवैध प्रवासियों को राज्य सरकार की निगरानी में फलने-फूलने की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि सीमा पर बाड़ लगाने का काम वर्षों से रुका हुआ है। फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं।

TMC के महाजंगल राज को खत्म करना चाहते हैं बंगाल के लोग, पीएम मोदी का निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस सरकार पर ‘वोट बैंक’ की राजनीति के लिए घुसपैठियों की मदद करके राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ताधारी पार्टी के ‘महाजंगल राज’ को समाप्त करना राज्य में कानून व्यवस्था, विकास और निवेशकों के विश्वास को बहाल करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों दूर हैं, ऐसे में मोदी ने चुनावी मुकाबले को ‘महाजंगल राज और सुशासन’ के बीच की लड़ाई के रूप में पेश किया तथा मतदाताओं से भाजपा के डबल इंजन वाली सरकार मॉडल का समर्थन करने की अपील की। हुगली जिले के सिंगूर में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य में फर्जी दस्तावेजों के जरिये रह रहे अवैध प्रवासियों की पहचान करके उन्हें उनके देशों में वापस भेजना होगा।

सिंगूर, बंगाल की राजनीति में 2008 में तृणमूल कांग्रेस द्वारा भूमि अधिग्रहण के खिलाफ किए गए आंदोलन के लिए जाना जाता है, जिसके कारण टाटा मोटर्स को अपनी छोटी कार परियोजना बंद करनी पड़ी थी। मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सीमा पर बाड़ लगाने सहित महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों पर केंद्र के साथ सहयोग करने में विफल रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। वे घुसपैठियों को संरक्षण देने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि वे उन्हें अपना वोट बैंक मानते हैं।’’

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की सीमाओं पर अवैध प्रवासियों को राज्य सरकार की निगरानी में फलने-फूलने की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि सीमा पर बाड़ लगाने का काम वर्षों से रुका हुआ है। फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। अब समय आ गया है कि घुसपैठ को पूरी तरह रोका जाए और जाली दस्तावेजों के साथ प्रवेश करने वालों की पहचान करके उन्हें वापस भेजा जाए। भाजपा सरकार यह काम करेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों को पनाह देने के लिए फर्जी दस्तावेज बनाने जैसी किसी भी हद तक जा सकती है।’’

उन्होंने मतदाताओं से भाजपा का समर्थन करने का आग्रह किया ताकि ‘‘सीमाओं को सुरक्षित किया जा सके, कानून व्यवस्था बहाल की जा सके और बंगाल को विकास के पथ पर वापस लाया जा सके।’’राज्य में सत्ता परिवर्तन का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के ‘‘महाजंगल राज’’ को उखाड़ फेंकना और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध भाजपा सरकार को सत्ता में लाना आवश्यक है। रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने पूछा, ‘‘क्या बंगाल की जनता के हितों के विरुद्ध कार्य करने के लिए तृणमूल कांग्रेस सरकार को दंडित नहीं किया जाना चाहिए?’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देशभर में मतदाता विकास और कल्याणकारी योजनाओं में बाधा डालने वाली सरकारों को ‘‘दंडित’’ कर रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार से तुलना करते हुए मोदी ने कहा कि वहां की सरकार ने पहले केंद्रीय योजनाओं को रोक दिया था, लेकिन जनता ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘आज आयुष्मान भारत योजना से वहां के गरीबों को फायदा हो रहा है। बंगाल की जनता ने भी तृणमूल कांग्रेस को सबक सिखाने का फैसला कर लिया है ताकि यहां भाजपा की सरकार बने और आयुष्मान भारत योजना लागू हो सके।’’

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल शासन में बंगाल में दंगाई, गिरोह और माफिया ‘‘बेखौफ’’ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उद्योग और निवेश तभी आएंगे जब कानून व्यवस्था सुधरेगी। ‘सिंडिकेट टैक्स’ और माफिया का राज भाजपा के शासन में ही खत्म होगा। यह मोदी की गारंटी है।’’ पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को भाजपा को वोट देना चाहिए, ताकि संदेशखलि में भूमि हड़पने और बलात्कार की घटनाएं दोबारा न हों तथा भ्रष्टाचार के कारण शिक्षकों को अपनी नौकरी न गंवानी पड़े। उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में भाजपा की ‘डबल इंजन’ वाली सरकार होनी चाहिए, क्योंकि इससे विकास को गति मिलेगी।’’

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘कॉलेज की छात्राओं के साथ बलात्कार, हिंसा और शिक्षा में भ्रष्टाचार तभी रुकेगा जब भाजपा सत्ता में आएगी।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था ‘‘माफिया द्वारा नियंत्रित’’ है। सिंगूर का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि बंगाल के औद्योगिक पतन की जड़ें ‘‘आंदोलन और गिरोहों की राजनीति’’ में निहित हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के छोटे से छोटे नेता भी खुद को स्थानीय जागीरदार समझने लगे हैं।’’ पीएम मोदी ने कहा भाजपा सरकार ‘‘सिंडिकेट राज और माफिया शासन’’ का अंत करेगी। तृणमूल कांग्रेस को ‘‘महिलाओं, युवाओं और किसानों का दुश्मन’’ बताते हुए मोदी ने दावा किया कि बेटियां असुरक्षित हैं और बंगाल के युवाओं का भविष्य खतरे में है।

Madan Tiwari

लेखक के बारे में

Madan Tiwari

लखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी को मीडिया में एक दशक से भी ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।


यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं। मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत कई पुरस्कार जीते हैं।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।