
नॉन-वेज खाने वाले बुरे हैं, मैं ऐसा नहीं बोल रहा हूं; पीएम मोदी ने संसद में क्या कहा
पीएम मोदी ने कहा, 'साधारण पृष्ठभूमि से उठकर सीपी राधाकृष्णन का उपराष्ट्रपति पद तक पहुंचना भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति को प्रदर्शित करता है। उनका अनुभव उच्च सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन में सहायक होगा।'
राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए सभापति सीपी राधाकृष्णन को सोमवार को यह दायित्व संभालने के लिए बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद के रूप में उनके अनुभव से सदन के कुशल संचालन में मदद मिलेगी। नॉन-वेज छोड़ने वाली घटना का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'आपने मुझे बताया कि आप नॉन-वेजिटेरियन थे, लेकिन काशी की पहली यात्रा के दौरान पूजा करने और मां गंगा के आशीर्वाद लेने के बाद, आपके अंदर एक संकल्प जागा। उस दिन से आपने नॉन-वेजिटेरियन भोजन त्याग दिया। नॉन-वेज खाने वाले बुरे हैं, मैं ऐसा नहीं बोल रहा हूं। लेकिन काशी का विचार आपके इस निर्णय के लिए प्रेरणा बना। सांसद के रूप में यह मेरे लिए एक यादगार उदाहरण रहेगा।'
सीपी राधाकृष्णन का स्वागत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'साधारण पृष्ठभूमि से उठकर सीपी राधाकृष्णन का उपराष्ट्रपति पद तक पहुंचना भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति को प्रदर्शित करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन उच्च सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन में सहायक होगा।' सितंबर में चंद्रपुरम पोनुसामी (सीपी) राधाकृष्णन देश के 15वें उपराष्ट्रपति चुने गए थे। अपने निर्वाचन के साथ ही राधाकृष्णन राज्यसभा के पदेन सभापति बन गए। प्रधानमंत्री ने कहा, 'मैं आपको बधाई देता हूं और भरोसा है कि इस सदन का हर सदस्य इसकी परंपराओं का सम्मान करेगा और आपकी गरिमा को बनाए रखेगा।'
राज्यसभा के नए सभापति का जोरदार स्वागत
संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन राधाकृष्णन का स्वागत करते हुए सदन के नेता जेपी नड्डा ने उम्मीद जताई वह संसद के उच्च सदन का कुशलतापूर्वक संचालन करेंगे। उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति और उच्च सदन के सभापति रह चुके सर्वपल्ली राधाकृष्णन के एक वाक्य को उद्धृत करते हुए कहा, ‘हमें एक जिम्मेदार संसद सदस्य बनना चाहिए न कि गैरजिम्मेदार और आंदोलन करने वाला सदस्य।’ विपक्ष की ओर से खरगे ने सभापति का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस संवैधानिक मूल्यों और सदन की परंपराओं के साथ दृढ़ता से खड़ी है। हम कार्यवाही के सुचारू संचालन में सहयोग करेंगे। खरगे ने जिक्र किया कि राधाकृष्णन तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके सीके कुप्पुस्वामी के रिश्तेदार हैं, जो कांग्रेस के सदस्य थे।





