‘जनसेवा में PM मोदी के 25 साल’, बीजेपी ने किया महीने भर 'सेवा संकल्प अभियान' का ऐलान
7 अक्टूबर 2026 को पीएम मोदी की जनसेवा यात्रा के 25 साल पूरे हो रहे हैं, जिसकी शुरुआत 7 अक्टूबर 2001 को उनके गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ हुई थी।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'जनसेवा' में 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक महीने के देशव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) की घोषणा की है। पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत निराशा के दौर से निकलकर आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन चुका है।
7 अक्टूबर 2026 को पीएम मोदी की जनसेवा यात्रा के 25 साल पूरे हो रहे हैं, जिसकी शुरुआत 7 अक्टूबर 2001 को उनके गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ हुई थी।
दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी स्टार्टअप शक्ति बना भारत
नितिन नवीन ने कहा कि 2014 से पहले देश नीतिगत अपंगता से जूझ रहा था और भारत को 'फ्रेजाइल फाइव' अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था। 2014 के बाद से पीएम मोदी ने देश के युवाओं में छाई निराशा को उम्मीद और आत्मविश्वास में बदल दिया।
उन्होंने कहा, "भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप देश बन गया है, जहां युवा केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन रहे हैं।
बीजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा, "महिला सशक्तिकरण की यात्रा 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' से शुरू होकर आज 'लखपति दीदी' और 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंच चुकी है।"
सीमावर्ती गांवों को पहले "देश के अंतिम गांव" कहा जाता था, लेकिन मोदी सरकार ने इस सोच को बदलकर उन्हें "भारत के पहले गांव" का दर्जा दिया और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाईं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक क्या-क्या होंगे कार्यक्रम?
अभियान के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में BJP राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हर राज्य में एक मंत्री, संगठन महामंत्री और 5 वरिष्ठ नेताओं की 7-सदस्यीय समिति बनाई जाएगी।
- 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस उपलक्ष्य में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम का उद्घाटन और राष्ट्रव्यापी रक्तदान शिविर लगा जाएगा।
- 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन देशभर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
- पूरे महीने भर डिजिटल व फोटो प्रदर्शनियां (पीएम मोदी के 25 साल के सफर पर)।
- सुशासन, अंत्योदय और विकास पर सेमिनार और प्रबुद्ध सम्मेलन।
- जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष जागरूकता कैंप भी लगाए जांएगे।
राम मंदिर से काशी विश्वनाथ तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी का विकास केवल भौतिक प्रगति तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि उन्होंने देश की सांस्कृतिक विरासत और पहचान को भी मजबूत किया है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से लेकर काशी विश्वनाथ धाम के जीर्णोद्धार तक, भारत की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और संवारने का काम ऐतिहासिक रहा है।
7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से लेकर देश के 'प्रधान सेवक' बनने तक का उनका सफर एक साधारण कार्यकर्ता के दृढ़ संकल्प और राष्ट्र सेवा की मिसाल है।


