लीक करने वालों को ऐसी सजा दो कि…, दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद बोले PM मोदी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था में सुधारों की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी की अपील पर हजारों प्रदर्शनकारी सोमवार को संसद मार्च में शामिल हुए। अब PM मोदी का ने पेपर लीक पर क्या कहा?

PM Modi on NEET examination paper leak
NDA की बैठक में पेपर लीक पर बोले प्रधानमंत्री मोदी

संसद में मॉनसून सत्र के दूसरे दिन NDA सांसदों की ‘मंगल मिलन’ बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरन रीजीजू ने बताया है कि इस बैठक में पीएम मोदी ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी बात रखी। किरन रिजीजू ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के दौरान यह साफ किया है कि हालिया NEET परीक्षा में हुए पेपर लीक के दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। पीएम मोदी ने यह भी कहा है कि पेपर लीक को रोकना महज केंद्र सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी राज्यों की सरकारों और दलों को एक साथ मिलकर इससे लड़ना होगा। इससे पहले पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधारों की मांग को लेकर सोमवार को हजारों प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया था।

केंद्रीय मंत्री रिजीजू ने बताया कि नीट परीक्षा को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की खबर सामने आते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वहीं छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए नीट की दोबारा परीक्षा को भी प्राथमिकता दी गई। रिजीजू ने कहा, “नीट की परीक्षा के बारे में पीएम मोदी जी ने कहा है कि जब पेपर लीक की खबर आई, तुरंत सरकार ने कार्रवाई की और 13 लोगों को जेल में डाला गया। साथ ही छात्रों के भविष्य को नुकसान न हो इसीलिए नीट के रिएग्जाम को प्राथमिकता दिया गया और उसे सफलतापूर्वक पूरा कराया गया।”

'फिर ना हो ऐसी घटनाएं…'

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि दोबारा पेपर लीक न हो इसके लिए सख्ती से कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी जी ने अपील भी की है कि इन लोगों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए और इसके लिए टॉप से टॉप वकीलों को आगे आना चाहिए ताकि आगे पेपर लीक जैसी घटनाएं ना हो।”

किरन रीजीजू ने बताया कि पीएम मोदी ने कहा है कि पेपर लीक सिर्फ एक राज्य का मामला नहीं है। उन्होंने बताया, “प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि पेपर लीक सिर्फ एक राज्य का या सिर्फ केंद्र सरकार का मामला नहीं है। पूरे देश में जहां जहां पेपर लीक हुए हैं और जो लोग भी पेपर लीक के धंधे में शामिल हैं उनको सजा दिलाने के लिए सभी दलों को एकजुट होना चाहिए। ये राजनीति का विषय नहीं है। ये पूरे देश का विषय है।…”

हिंसक प्रदर्शन के बाद CJP से मिली सरकार

गौरतलब है कि सोमवार को हजारों की तादाद में प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक के मुद्दे पर विरोध जताते हुए संसद मार्च में हिस्सा लिया। इस दौरान कई जगहों पर पुलिस को प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। सुरक्षा में तैनात हजारों पुलिसकर्मियों के घेरे को तोड़ भीड़ संसद भवन के पास तक पहुंच गई थी। पुलिस ने उन्हें तितर बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी दागें।

इससे पहले नीट पेपर लीक के बाद खुदकुशी करने वाले बच्चों के परिवार को मुआवजा देने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सैकड़ों युवा बीते जून महीने से ही दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं। ये प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी की अगुवाई में आयोजित किया जा रहा है जहां मशहूर पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक ने छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल भी शुरू की थी। कल हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की है जिसके बाद वांगचुक ने 23 दिनों बाद अपना अनशन तोड़ा है। हालांकि उन्होंने कहा है कि मांग पूरा न होने तक वे अब दोबारा अनशन करेंगे।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।