चिंता करने की जरूरत नहीं, मैं आपके साथ हूं; ममता और उद्धव के बागियों से बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने शुक्रवार को ममता बनर्जी की टीएमसी और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के बागी सांसदों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सांसदों से कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। वह उनके साथ खड़े हुए हैं।

उद्धव गुट और ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस से सत्ताधारी एनडीए गठबंधन में शामिल हुए सांसदों को पीएम मोदी का समर्थन मिला है। शुक्रवार को इन नेताओं के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने इन नेताओं को भरोसा देते हुए कहा कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। वह उनके साथ खड़े हुए हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने इन सांसदों को सक्रिय रूप से संसदीय बहसों में भाग लेने और संसद के इतिहास को पढ़ने और सीखने का भी आग्रह किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सत्र के बाद इस संसदीय सत्र में टीएमसी और उद्धव गुट के कुछ बागी सांसद भी एनडीए गठबंधन का हिस्सा बने हैं। ऐसे में इन संसदों का एनडीए परिवार में स्वागत करने के लिए शुक्रवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। इसी बैठक के दौरान पीएम मोदी ने इन सभी से चर्चा की। उन्होंने इन सांसदों को भरोसा दिलाते हुए कहा, "आपके बारे में जो कहा जा रहा है। उसके बारे में चिंता न करें। चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, मैं आपके साथ हूं।"
पीएम मोदी के साथ इस बैठक में करीब 45 सांसद मौजूद थे। इसमें तृणमूल सांसद से NCPI में आए 20 सांसद भी शामिल थे। इसके अलावा 7 सांसद उद्धव गुट के भी थे।
अपने क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा काम करें, बंगाल के सांसदों से पीएम मोदी
पश्चिम बंगाल के सांसदों से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने आग्रह किया कि सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्र में लोगों से मेल जोल ज्यादा से ज्यादा बढ़ाना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जितनी ज्यादा जनता प्रगति करेगी उतना ही राज्य प्रगति करेगा और जब राज्य प्रगति करेगा तो उसके साथ में ही देश भी आगे बढ़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने सांसदों सोशल मीडिया पर भी अपनी पकड़ बढ़ाने के बारे में कहा।
रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान पीएम मोदी ने बंगाल के विकास के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा, "जब बंगाल फलता-फूलता है, तो भारत भी फलता-फूलता है। अपने क्षेत्र के विकास के लिए सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय में संपर्क करें। गरीब मजदूरों और किसानों सहित सभी से मिलें और उनकी समस्याओं को समझें।" उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल का विकास केवल बंगाल तक ही सीमित नहीं रहेगा। बल्कि इसके जरिए उत्तर-पूर्व के राज्य भी विकसित होंगे और कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर, संसद के बारे में पढ़ें-पीएम मोदी
एनडीए में शामिल हुए नए सांसदों से पीएम मोदी ने संसद की बहसों में सक्रिय रूप से भागीदारी लेने के लिए कहा। उन्होंने संसद को लोकतंत्र का मंदिर बताते हुए हालिया व्यवधानों को लेकर भी अपनी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विपक्ष के हंगामे के कारण नए सांसदों को सदन में बोलने का मौका नहीं मिला है।
पीएम मोदी ने स्पष्ट तौर पर सांसदों से कहा कि उन्हें संसद के इतिहास के बारे में पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा, "संसद में ऐतिहासिक जानकारी का खजाना है। बहस की तैयारी के लिए इसका इस्तेमाल करें। अपने-अपने राज्यों के विकास के लिए काम करें। देश तभी तरक्की करेगा जब राज्य तरक्की करेंगे।"
NDA एक परिवार, हम सहयोगी पार्टियों के साथ- पीएम मोदी
इस दौरान पीएम मोदी ने सत्ताधारी गठबंधन एनडीए को एक परिवार बताया। उन्होंने कहा, "एनडीए एक परिवार है, हम सभी सहयोगी पार्टियों के साथ हैं। हर व्यक्ति का सम्मान किया जाएगा और मौका दिया जाएगा। मैं हर सांसद के साथ हूं।"


