भारत पर 100 फीसदी टैरिफ लगाएगा अमेरिका? जल्द हो सकती है पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात
अमेरिका में हाल ही में बंद कानून में राष्ट्रपति को यह छूट देने का भी अधिकार दिया गया है। सूत्रों ने कहा कि पीएम मोदी आसियान सम्मेलन के दौरान ट्रंप से मुलाकात के दौरान इस मुद्दे पर सीधे बात कर अपनी चिंताएं प्रकट कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगले महीने मनीला में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात हो सकती है। मोदी 16-18 नवंबर को फिलीपींस के मनीला में आयोजित होने वाले आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने जाएंगे। राष्ट्रपति ट्रंप भी इसमें शामिल होंगे। सूत्रों ने कहा कि मोदी-ट्रंप मुलाकात के लिए कूटनीतिक प्रयास आरंभ हो गए हैं।
पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात हालांकि जून महीने में फ्रांस में जी-7 बैठक के दौरान हुई थी, लेकिन उसके बाद अमेरिका द्वारा रूस से तेल खरीद पर 100 फीसदी शुल्क वाला कानून पारित किया गया है। भारतीय पक्ष लगातार इस मुद्दे पर अपनी चिंताओं से अमेरिका को अवगत करा रहा है और भारत की कोशिश है कि अब जब यह कानून पारित हो गया है तो उसके प्रावधानों के लागू होने से छूट मिल जाए।
ट्रंप को मिल गई है कानूनी छूट
दरअसल, कानून में राष्ट्रपति को यह छूट देने का भी अधिकार दिया गया है। सूत्रों ने कहा कि पीएम मोदी आसियान सम्मेलन के दौरान ट्रंप से मुलाकात के दौरान इस मुद्दे पर सीधे बात कर अपनी चिंताएं प्रकट कर सकते हैं। हालांकि भारत इस मामले पर सोच-समझकर आगे बढ़ रहा है। इधर, रूस से तेल की खरीद में कमी आई है, जिससे यह संभावना है कि वह सर्वाधिक तेल खरीदने वाले शीर्ष पांच देशों की सूची से बाहर हो जाए।
अगर ऐसा होता है तो भी इस कानून के दायरे में भारत नहीं आएगा। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी इस दौरान निर्णायक वार्ता होने की संभावना है। समझौते पर बीच में सुस्ती के बाद इधर फिर से बातचीत की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसलिए माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान समझौते पर स्थिति साफ हो सकती है।

