आंबेडकर जयंती पर मिटी दूरियां! साथ ठहाके लगाते दिखे PM मोदी-मल्लिकार्जुन खड़गे; VIDEO
कार्यक्रम में ओम बिरला और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से मिलने के बाद, पीएम मोदी खड़गे की ओर बढ़े, उनसे हाथ मिलाया और संक्षिप्त बातचीत की। बातचीत के दौरान एक-दूसरे का अभिवादन करते और मुस्कुराते हुए देखा गया।

बाबासाहब डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती के मौके पर मंगलवार को संसद परिसर में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में तब दुर्लभ नजारा दिखा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक ही फ्रेम में ठहाके लगाते नजर आए। दरअसल यह दोनों नेता संसद परिसर के 'प्रेरणा स्थल' पर आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर एक आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान पीएम मोदी और खड़गे एक संक्षिप्त और सौहार्दपूर्ण बातचीत करते दिखें।
इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू और कई अन्य नेता भी इस अवसर पर उपस्थित थे। पीएम सहित अन्य सांसदों ने बाबासाहब को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसके बाद उनके बीच हल्का फुल्का माहौल देखने को मिला।
खड़गे के साथ बातचीत
कार्यक्रम में ओम बिरला और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से मिलने के बाद, मोदी खड़गे की ओर बढ़े, उनसे हाथ मिलाया और संक्षिप्त बातचीत की। इसके बाद दोनों नेताओं को एक साथ हंसते हुए देखा गया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले, पीएम मोदी को कांग्रेस सांसद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से बातचीत करने के लिए अपनी गाड़ी से बाहर निकलते हुए भी देखा गया था। दोनों नेता एक-दूसरे के करीब खड़े होकर और अपने-अपने कार्यक्रमों की ओर बढ़ने से पहले, विनम्रतापूर्वक बातचीत करते दिखे थे।
पीएम मोदी ने आंबेडकर को दी श्रद्धांजलि
इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्र के लिए आंबेडकर का कार्य लोगों को लगातार प्रेरित करता रहता है। PM मोदी ने लिखा, “डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। राष्ट्र-निर्माण की दिशा में उनके प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उनका जीवन और कार्य एक न्यायसंगत और प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।”
वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “बाबासाहेब डॉ. बी. आर. आंबेडकर की जयंती पर, हम उस दूरदर्शी महापुरुष को गहरी श्रद्धा के साथ नमन करते हैं, जिन्होंने भारत को उसकी नैतिक और संवैधानिक आत्मा प्रदान की। बाबासाहेब न केवल भारत के संविधान के निर्माता थे, बल्कि स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के लिए एक अथक योद्धा भी थे। ये वे मूल्य हैं जो 'भारत के विचार' को परिभाषित करते हैं।”
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

