PM मोदी को पहले से पता था ईरान पर होने वाला है हमला? इजरायल दौरे को लेकर सरकार ने बता दी सच्चाई
सांसद अब्दुल वहाब ने विदेश मंत्रालय से प्रधानमंत्री मोदी की फरवरी में हुई यात्रा के दौरान भारत और इजरायल के बीच हुए समझौतों की जानकारी मांगी। उन्होंने यह सवाल भी किया कि क्या सरकार को अगले ही दिन ईरान पर हुए सैन्य हमले की जानकारी थी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीते महीने हुए इजरायल दौरे को लेकर सरकार ने अहम जानकारी दी है। दरअसल गुरुवार को संसद में यह सवाल उठाए गए कि क्या पीएम मोदी को उनके इजरायल दौरे के तुरंत बाद ईरान पर होने वाले इजरायली और अमेरिकी हमले की पहले से ही जानकारी थी। पीएम मोदी की 25-26 फरवरी को हुई इजराइल यात्रा का जिक्र करते हुए गुरुवार को राज्यसभा में सवाल किया गया कि क्या सरकार को ईरान पर हुए हमले की जानकारी थी? इसके जवाब में सरकार ने कहा है कि इजरायल में इस मामले से संबंधित कोई चर्चा नहीं हुई थी।
इससे पहले केरल से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) सांसद अब्दुल वहाब ने विदेश मंत्रालय से प्रधानमंत्री मोदी की फरवरी में हुई यात्रा के दौरान भारत और इजराइल के बीच हुए समझौतों, समझौता ज्ञापनों और अन्य संधियों की जानकारी मांगी। उन्होंने यह सवाल भी किया कि क्या सरकार को अगले ही दिन ईरान पर हुए सैन्य हमले की जानकारी थी?
विदेश राज्य मंत्री ने क्या बताया?
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने इस सवाल के लिखित जवाब में कहा, “इजरायल के प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी ने 25-26 फरवरी को इजराइल की राजकीय यात्रा की। इस यात्रा के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-इजराइल साझेदारी के सभी पहलुओं के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।”
सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, कृषि, मत्स्य पालन और जलीय कृषि, शिक्षा, वित्तीय सेवाएं, डिजिटल भुगतान, श्रमिकों की आवाजाही सहित कई क्षेत्रों में समझौते, समझौता ज्ञापन और आशय पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने आगे ईरान पर हुए सैन्य हमले की जानकारी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ''इस मामले से संबंधित कोई चर्चा नहीं हुई।''
28 फरवरी को शुरू हुई जंग
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के एक दिन बाद यानी 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर बड़ा हमला कर दिया था, जिसके बाद पश्चिम एशिया में भीषण जंग शुरू हो गई है। युद्ध शुरू हुए एक महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है और दोनों पक्षों ने हमले जारी रखे हैं। जहां एक तरफ अमेरिका और इजरायल ने ईरान के शीर्ष नेतृत्व के कई नेताओं को मार गिराया है, वहीं ईरान ने जवाब में इजरायल और खाड़ी देशों पर ड्रोन और मिसाइलें बरसाई हैं।
इजरायल ने भी अटकलों को किया है खारिज
हालांकि भारत और इजरायल दोनों ने यह साफ किया है कि पीएम मोदी के दौरे के समय इस संबंध में कोई चर्चा नहीं हुई थी। इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी बीते दिनों इन अटकलों को खारिज कर दिया कि भारत को ईरान पर हमलों के बारे में पहले से ही जानकारी थी। उन्होंने एक बयान मेरा कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को उनकी इजरायल यात्रा के दौरान इन हमलों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गयी थी क्योंकि हमलों का निर्णय बाद में लिया गया था।
सार ने रायसीना डायलाग में वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लेते हुए कहा था, "प्रधानमंत्री मोदी और भारत के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं और हमने अपने संबंधों को और गहरा किया है। 2026 के लिए भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने का एक व्यापक एजेंडा तैयार किया गया है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और साथ ही सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भी है।" उन्होंने कहा, "हम गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी को इस बारे में जानकारी नहीं दे सके क्योंकि इस कार्रवाई का निर्णय शनिवार तड़के ही लिया गया था।" उन्होंने बताया कि यह फैसला अमेरिका और ईरान के बीच हुई वार्ता के विफल होने के बाद लिया गया। सार ने कहा, "यह उसी गुरुवार को हुई अमेरिका और ईरान की वार्ता के असफल होने के बाद हुआ, इसलिए इस यात्रा के दौरान इसकी जानकारी देना संभव ही नहीं था।"
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

