पीएम मोदी बैठे हैं, जबकि राष्ट्रपति खड़ी हैं; ममता बनर्जी ने पुरानी फोटो दिखा किया पलटवार
जवाब में ममता बनर्जी ने कोलकाता में धरना स्थल पर प्रधानमंत्री की एक बड़ी तस्वीर दिखाई, जिसमें मोदी भाजपा के वरिष्ठ नेता एलके आडवाणी के साथ बैठे हैं और राष्ट्रपति उनके बगल में खड़ी हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को जोर देकर कहा कि सिलीगुड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम में प्रोटोकॉल का कोई उल्लंघन नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अगर कोई गड़बड़ी हुई है, तो उसकी जिम्मेदारी निजी आयोजकों व भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की है, जिसने कार्यक्रम स्थल उपलब्ध कराया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तृणमूल सरकार पर एक महिला आदिवासी नेता और देश की राष्ट्रपति का 'अपमान' करने का आरोप लगाया था, जिसके जवाब में ममता ने कोलकाता में धरना स्थल पर प्रधानमंत्री की एक बड़ी तस्वीर दिखाई, जिसमें मोदी भाजपा के वरिष्ठ नेता एलके आडवाणी के साथ बैठे हैं और राष्ट्रपति उनके बगल में खड़ी हैं।
उन्होंने तस्वीर को 'सबूत' बताते हुए दावा किया, “तस्वीर में दिख रहा है कि प्रधानमंत्री बैठे हैं जबकि राष्ट्रपति खड़ी हैं। हम ऐसा कभी नहीं करते। राष्ट्रपति का अपमान करने की संस्कृति भाजपा की है, हमारी नहीं।” ममता ने कहा,"हम राष्ट्रपति की कुर्सी और भारत के संविधान का पूरा सम्मान करते हैं, जिसे हम अपनी जननी मानते हैं, हमें दोष न दें।" राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को बागडोगरा हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री और किसी भी मंत्री के न मिलने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। राष्ट्रपति एक अंतरराष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन में भाग लेने के लिए वहां पहुंची थीं।
मुर्मू ने सिलीगुड़ी के पास अपने कार्यक्रम के स्थान में बदलाव पर भी असंतोष जताया था। ममता ने कहा कि राज्य सरकार को राष्ट्रपति के कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं थी और निजी आयोजकों ने भी इस बारे में उनसे कोई जानकारी नहीं ली थी। ममता ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर कथित गंदगी, महिलाओं के लिए शौचालयों की कमी की जिम्मेदारी कार्यक्रम प्रबंधकों और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की है। यह कार्यक्रम भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की जमीन पर हुआ था। उन्होंने कहा, "हमने कार्यक्रम स्थल नहीं चुना, आपने चुना।" मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलीगुड़ी के महापौर गौतम देब ने प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बागडोगरा में उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा, "मैं लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए धरने पर बैठी हूं। मैं कैसे जा सकती हूं?" ममता ने कहा, “आप विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल को निशाना बना रहे हैं और जो मन में आए वो बोल रहे हैं। क्यों?”
वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर रविवार को तृणमूल कांग्रेस सरकार पर अपना हमला तेज करते हुए कहा कि राज्य की जागरूक जनता एक महिला आदिवासी नेता और देश की राष्ट्रपति का ''अपमान'' करने के लिए पार्टी को कभी माफ नहीं करेगी। प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर और अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में यह बात कही। मोदी ने कहा, ''आज जब पूरा देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, यह बेहद चिंताजनक है कि कल ही पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार ने भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का घोर अपमान किया।''
लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं और मीडिया में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है।
परिचय, अनुभव एवं शिक्षा
वर्तमान में मदन हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। कुल एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
मीडिया में अवॉर्ड्स.
मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत एक दर्जन से ज्यादा पुरस्कार जीते हैं।
विशेषज्ञता
देश-विदेश की राजनीति पर गहरी पकड़
यूपी-बिहार समेत सभी राज्यों की खबरों को कवर करने का व्यापक अनुभव
विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव, संसद की कार्यवाही को लंबे समय से कवर किया
ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज, एनालिसिस स्टोरीज, एशिया, मिडिल ईस्ट, पश्चिमी देशों की खबरों को कवर करने का एक दशक से ज्यादा का एक्सपीरियंस


