जबरदस्त स्किल्स, टीमवर्क की जीत, भारत के वर्ल्ड कप विनर बनने पर पीएम मोदी ने दी बधाई

Mar 09, 2026 12:21 am ISTUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को विश्वकप जीत की बधाई दी। उन्होंने इस जीत का श्रेय खिलाड़ियों की जबरदस्त स्किल्स और टीम वर्क को दिया। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी टीम इंडिया को एक बार फिर से वर्ल्ड कप जीतने की बधाई दी।

जबरदस्त स्किल्स, टीमवर्क की जीत, भारत के वर्ल्ड कप विनर बनने पर पीएम मोदी ने दी बधाई

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार टी20 विश्वकप अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद स्टेडियम में न्यूजीलैंड को हराकर टीम इंडिया ने यह खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया को टी20 वर्ल्डकप जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया साइट पर भारतीय टीम के खेल कौशल और खिलाड़ियों के टीम वर्क को सराहा। उन्होंने लिखा, “आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई! यह शानदार जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का प्रतीक है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट साहस का प्रदर्शन किया है। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया!”

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी दी बधाई

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी टीम इंडिया को टी20 वर्ल्डकप जीत पर बधाई दी। उन्होंने जीत का सेहरा संजू सैमसन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के सिर बांधा और पूरी टीम के कौशल की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, "एक बार फिर चैंपियन। हमारी भारतीय टीम के लिए यह एक शानदार जीत थी, जिसमें संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए विशेष सराहना। टीम इंडिया को घरेलू मैदान पर ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को एक और अविस्मरणीय पल देने के लिए बधाई।"

केंद्रीय गृह मंत्री ने दी बधाई

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच का लुफ्त लेने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी टीम इंडिया को जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा, "क्या शानदार जीत है…!! विश्व चैंपियन टीमइंडिया को सलाम!पूरे टूर्नामेंट में आपके असाधारण प्रदर्शन और दृढ़ संकल्प ने देश को गौरव और गर्व दिलाया है। हर भारतीय को गर्वित करने के लिए पूरी टीम को बधाई।

अरविंद केजरीवाल ने दी बधाई

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी टीम इंडिया को वर्ल्डकप जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा, "शाबाश, टीम इंडिया! आपने एक बार फिर विश्व कप जीता है और इसके साथ ही 14 करोड़ भारतीयों का गौरव भी हासिल किया है। निडर क्रिकेट। अटूट जज्बा। अटूट विश्वास। यह जीत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।"

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने दी टीम इंडिया को बधाई

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने घर पर देखा मैच, टीम इंडिया को दी जीत की बधाई। उन्होंने लिखा, "गूँज उठा है नीला अम्बर फिर एक बारी विश्व विजयी भारत की अश्वमेध यात्रा है जारी… बधाई भारत। ये रात, ये अंदाज और जीत का ये मिजाज हमेशा याद रहेगा।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।