पीएम मोदी से मिले बचपन के दोस्त असगरअली, बीजेपी विधायक की कंपनी की कर दी शिकायत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वडनगर में पढ़ने वाले असगरअली वोहरा ने उनसे मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उनकी जमीन पर सेवन इलेवन और स्वयम बिल्डर्स ने कब्जा कर लिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुस्लिम दोस्त अब्बार रामसदा से तो बहुत सारे लोग परिचित हो गए हैं। वहीं पीएम मोदी के एक मुस्लिम क्लासमेट इन दिनों चर्चा में हैं। उनका नाम असगरअली वोहरा है। अब मुंबई में रहने वाले वोहरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करके उनसे मदद मांगी है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनकी मदद करने का आश्वासन दिया।
दरअसल असगरअली वोहरा का एक जमीन को लेकर दो कंपनियों से विवाद चल रहा है। असगरअली नरेंद्र मोदी के साथ वडनगर के बीएन स्कूल में पढ़ते थे। 8 सितंबर को उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात की और भूमि विवाद को लेकर सारी बातें बताईं। वोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी मदद का भरोसा दिया है। परिवहन राज्यमंत्री प्रताप सरनायक ने पीएम मोदी के साथ उनके सहपाठी की मुलाकात की तस्वीर शेयर की।
क्या है मामला
दरअसल वोहरा ने भयंदर ईस्ट के नवघर में 2810 स्क्वायर मीटर की मीन खरीदी थी। उन्होने 1989 में इस जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करवाया था। वहीं बाद में स्वयम् बिल्डरस् और सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन्स नाम की कंपनियों ने जमीन पर कब्जा कर लिया। यह कंपनी बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता की है।
वोहरा का आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के दम पर जमीन पर कब्जा कर लिया गया और बिल्डिंग बनवा दी गई। उन्होंने कहा, जमीन को दो भागों में बांट दिया गया और उनको इस बात की जानकारी ही नहीं हुई। बाद में जमीन की पजेशन स्वयम बिल्डर्स और सेवन इलेवन के नाम पर दिखाने लगी। इसको लेकर 2015 में एफआईआर दर्ज की गई थी। कोर्ट में यह मामला अब भी लंबित है।
वोहरा ने कहा कि इस विवाद को लेकर वह कई बार राजस्व विभाग और म्यूनिसिपल प्रशासन के पास गए लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया।उनकी प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद नगर निगम प्रशासन ने भी ध्यान दिया है। अब 16 सितंबर को मामले की सुनवाी होनी है। इसमें स्वयम बिल्डर्स और सेवन इलेवन के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है।


