फ्रांस पहुंचे पीएम मोदी, G7 बैठक से लेकर ट्रंप से मुलाकात तक; एजेंडे में क्या-क्या

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

PM Modi in France: प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस पहुंच चुके हैं। यहां पर वह फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ कई बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह जी-7 बैठक में हिस्सा लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

फ्रांस पहुंचे पीएम मोदी, G7 बैठक से लेकर ट्रंप से मुलाकात तक; एजेंडे में क्या-क्या

PM Modi in France: प्रधानमंत्री नरेंद्र जी-7 समिट में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस पहुंच चुके हैं। 6 दिनों के विदेशी दौरे पर गए प्रधानमंत्री मोदी रविवार को नीस पहुंचे हैं। यहां पर वह भारत इनोवेट्स 2026 का उद्घाटन करेंगे और कई सम्मेलनों में हिस्सा लेंगे। फ्रांस में लैंड होते ही प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। फ्रांस में भारतीय समुदाय ने बेहतरीन प्रदर्शनी और बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनका स्वागत किया।

फ्रांस से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर किए पोस्ट में लिखा, "मैं अभी-अभी नीस पहुंचा हूं। नीस के अलावा फ्रांस की इस यात्रा में एवियन और पेरिस में होने वाले कार्यक्रमों में भी हिस्सा लूंगा। यह यात्रा द्विपक्षीय और कई बड़ी बैठकों का जरिया बनेगी। इन बैठकों का उद्देश्य भारत और उसके प्रमुख विकास साझेदारों के बीच मित्रता के संबंधों को और मजबूत करना है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा योजना के बारे में आगे जानकारी देते हुए कहा, "मैं कल फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैंक्रों ने मिलने के लिए भारत इनोवेट्स में उपस्थित रहने के लिए उत्सुक हूं।"

बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग एक हफ्ते के विदेशी दौरे पर गए हैं। यहां पर वह फ्रांस में कई बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह स्लोवाकिया की यात्रा करने वाले पहले प्रधानमंत्री बनेंगे। आइए जानते हैं पीएम मोदी की इस यात्रा के बड़े चरण क्या-क्या होंगे...

भारत इनोवेट्स का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैंक्रों के साथ संयुक्त रूप से भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। इस सम्मेलन में 120 भारतीय इनोवेटर्स, 500 से अधिक निवेशक और कई सीईओ और लगभग 15 उच्च शिक्षा संस्थान हिस्सा लेंगे। बता दें, भारत इनोवेट्स का यह पहला सीजन है यह नीस में दुनिया भर के निवेशकों के समक्ष भारत के स्टार्टअप्स को प्रदर्शित करेगा। इससे भारतीय उद्यमियों को बड़े स्तर पर फायदा होगा। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ व्यापारिक मामलों के मंत्री पीयूष गोयल भी शामिल होंगे।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक

भारत इनोवेट्स के उद्घाटन से पहले पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के बीच में द्विपक्षीय वार्ता होगी। रविवार को होने वाली इस बैठक में दोनों नेता 'स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटिजिक पार्टनरशिप' को और बड़े स्तर पर पहुंचाने के लिए चर्चा करेंगे। इसके अलावा एनर्जी, एआई इनोवेशन, सिक्योरिटी को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।

G-7 समिट में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी

फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित होने वाली जी-7 मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिस्सा लेंगे। भारत को पिछले कई सालों से लगातार जी-7 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बुलाया जाता रहा है। इस बार भारत के साथ में ब्राजील, मिस्त्र, केन्या और दक्षिण कोरिया इसमें हिस्सा ले रहे हैं। जी-7 देशों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चर्चा करेंगे।

ट्रंप के साथ बैठक

16 महीने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की द्विपक्षीय बैठक होने जा रही है। अमेरिकी अधिकारियों की तरफ से इसकी जानकारी दी गई थी। हालांकि अभी तक विदेश मंत्रालय ने इसको लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। बता दें, दोनों नेताओं के बीच अंतिम मुलाकात और अब की मुलाकात में दोनों देशों के बीच के रिश्तों में काफी बदलाव आ गया है। हाल ही में ओमान के तट पर अमेरिकी मिसाइल हमले में तीन भारतीयों की मौत के बाद रिश्ते और भी ज्यादा खराब हो गए हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की बैठक अहम हो जाती है।

वीवा टेक में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी

18 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेरिस में फ्रांसीसी राष्ट्रपति मेक्रों ने साथ वीवा टेक में हिस्सा लेंगे। बता दें, वीवा टेक यूरोप का सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप कार्यक्रम है। इसमें बड़े-बड़े स्टार्टअप्स आते हैं। इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत कर सकते हैं।

पीएम मोदी की स्लोवाकिया यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के बाद स्लोवाकिया की यात्रा पर जाएंगे। 1993 में आजाद होने वाले इस देश की यात्रा करने वाले पीएम मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें