पीएम मोदी और US राष्ट्रपति ट्रंप की फ्रांस में होगी मुलाकात, 16 महीने बाद मिलेंगे 'दोस्त'

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्रांस में G7 समिट के दौरान मुलाकात करेंगे। अमेरिकी अधिकारियों ने इस मुलाकात की पुष्टि की है। दोनों नेताओं के बीच में 16 महीने के बाद यह मुलाकात होगी। इसके पहले आखिरी बैठक 13 फरवरी 2025 को हुई थी।

पीएम मोदी और US राष्ट्रपति ट्रंप की फ्रांस में होगी मुलाकात, 16 महीने बाद मिलेंगे 'दोस्त'

भारत और अमेरिका के उतार-चढ़ाव भरे रिश्तों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 17 जून को फ्रांस में मिलने वाले हैं। वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक G7 समिट में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस पहुंचने वाले दोनों वैश्विक नेता आपस द्विपक्षीय वार्ता में भी हिस्सा लेंगे। बता दें, दोनों नेताओं की यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब हाल ही में अमेरिकी नौसेना के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है। इसके अलावा राष्ट्रपति ट्रंप के बयानों को लेकर विपक्ष की लगातार सरकार पर हमलावर बना हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आखिरी मुलाकात 13 फरवरी 2025 को हुई थी। अब 16 महीनों के बाद दोनों वैश्विक नेता एक बार फिर से मिलने वाले हैं। हालांकि इन 16 महीनों में ऑपरेशन सिंदूर से लेकर अमेरिका का भारत पर टैरिफ लगाना और अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक संधि कई तरह की घटनाएं हुई हैं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कनाडा में जी-7 समिट के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने का निमंत्रण दिया था लेकिन उन्होंने उसे अस्वीकार कर दिया था।

द्विपक्षीय वार्ता में कई मुद्दों पर चर्चा संभव

एक हफ्ते की विदेश यात्रा के लिए रवाना हो चुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के एवियन शहर मे 16 और 17 जून को आयोजित होने वाली जी-7 की बैठक में हिस्सा लेंगे। यहीं पर वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच में अभी काफी कुछ चल रहा है। ऐसे में इस बैठक में कई सारे मुद्दों पर चर्चा संभव है। भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक डील अभी ठंडे बस्ते में डली हुई है। इसके अलावा डिफेंस, एनर्जी और भारतीयों के लिए वीजा जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

अमेरिकी नेवी का भारतीय जहाजों पर हमला

प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की यह मुलाकात इसलिए और भी ज्यादा खास हो जाती है क्योंकि हाल ही में अमेरिकी नेवी के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। भारत सरकार ने अमेरिका के राजनयिक को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज करवाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी डैमेज कंट्रोल करने के लिए अपने एक पोस्ट में दावा किया कि ईरान ने ड्रोन के जरिए अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाने की कोशिश की थी, जिसे अमेरिकी नेवी ने नाकाम कर दिया। हालांकि, न तो अमेरिका, न ही ईरान और न ही भारत ने ऐसी किसी भी घटना को लेकर कोई बयान जारी किया है।

बता दें, डोनाल्ड ट्रंप के अलावा प्रधानमंत्री मोदी जी-7 देशों के अन्य नेताओं के साथ भी मुलाकात करेंगे। इनमें सबसे अहम फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों होंगे। पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान राफेल फाइटर जेट को लेकर भी एक बड़ी डील पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक फ्रांस मेक इन इंडिया मिशन के तहत मल्टी रोल फाइटर एयरक्राफ्ट प्रोजेक्ट को भारत में बनाने पर राजी हो सकता है। इस तरह के फाइटर जेट्स में भारत केह हथियार और मिसाइलों को आसानी से लगाया जा सकता है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें