जम्मू-कश्मीर में हेलमेट पर फिलिस्तीनी झंडा लगाकर खेलता दिखा खिलाड़ी, पुलिस ने भेजा समन
जम्मू-कश्मीर में एक लोकल लीग के दौरान एक खिलाड़ी फिलिस्तीनी झंडा लगे हेलमेट को पहनकर खेलते नजर आया। इसके बाद विवाद बढ़ गया, स्थानीय पुलिस ने खिलाड़ी समेत, लीग के आयोजक और मैदान उपलब्ध कराने वाले को समन भेजा है।

जम्मू-कश्मीर में एक घरेलू लीग मैच के दौरान एक खिलाड़ी द्वारा हेलमेट पर फिलिस्तीनी झंडे को लगाने से विवाद खड़ा हो गया है। मामले के सामने आते ही स्थानीय पुलिस ने फुरकान भट नामक इस खिलाड़ी को पूछताछ के लिए बुलाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना जम्मू-कश्मीर चैंपियंस लीग के एक मैच के दौरान हुई, जब जेके 11 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए फुरकान ने हेलमेट पर फिलिस्तीनी झंडे का प्रयोग किया।
सोशल मीडिया पर इस मैच की फुटेज और वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले पर संज्ञान लिया। खिलाड़ी फुरकान भट के अलावा पुलिस ने लीग के आयोजक जाहिद भट और मैच के लिए मैदान उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति से भी पूछताछ की। फिलहाल पुलिस इस मामले में पूछताछ कर रही है।
फिलिस्तीनी झंडे को लेकर उठे विवाद के बाद जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन भी हरकत में आई। जेकेसीए की तरफ से बताया गया कि जिस लीग में यह घटना हुई है, वह उसे मान्यता नहीं देते हैं। वहीं, दूसरी ओर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जम्मू चैंपियंस लीग के आयोजक जाहिद ने इस मामले में खिलाड़ी फुकरान को बैन करने की बात कही है। बकौल,जाहिद उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी।
गौरतलब है कि यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब मध्य-पूर्व में इजरायल और फिलिस्तीन और हमास के बीच लगातार संघर्ष जारी है। भारत शुरुआत से ही इस विवाद को दो-देशीय फॉर्मूले के तहत सुलझाने के पक्ष में है। कुछ समय पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में हमास और इजरायल के बीच सीजफायर हुआ था। हालांकि, फिर भी उस क्षेत्र में हमले होते रहते हैं और हमास और इजरायल दोनों ही एक-दूसरे के ऊपर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहते हैं।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



