प्लेन हाईजैक होने पर पायलट कैसे भेजता है अलर्ट? भारत के विमान अपहरण की 5 डरावनी कहानियां
एयर इंडिया की फ्लाइट AI2030 को जयपुर डायवर्ट किया गया। आशंका थी कि प्लेन हाईजैक हुआ है। जानिए प्लेन हाईजैक होने पर जमीन पर अलर्ट कैसे मिलता है? स्क्वॉक कोड 7500 क्या है। साथ ही पढ़ें भारत में विमान अपहरण की पांच खौफनाक कहानियां।

जर्मनी से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2030 को बुधवार, 14 अक्टूबर को हाईजैकिंग की आशंका के बीच जयपुर डायवर्ट किया गया। विमान के पायलट की ओर से हाईजैकिंग से जुड़ा अलर्ट कोड भेजे जाने की शुरुआती रिपोर्ट सामने आई है। विमान की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद जांच शुरू हो गई है। लेकिन यह घटना एक अहम सवाल खड़ा करती है।
आसमान में हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा प्लेन अगर हाईजैक हो जाए, तो जमीन पर बैठे अधिकारियों को इसकी जानकारी कैसे मिलती है? क्या पायलट को बोलकर बताना पड़ता है या कोई ऐसा संकेत भी है, जिसे देखते ही सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ जाती हैं? भारत के विमानन इतिहास में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं, जब खूंखार किडनैपरों ने प्लेन हाईजैक कर लिया।
प्लेन हाईजैक होने पर पायलट कैसे भेजता है अलर्ट?
विमान के हाईजैक होने की स्थिति में पायलट एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को रेडियो के जरिए जानकारी दे सकता है। लेकिन अगर किडनैपरों ने कॉकपिट पर अपना कंट्रोल जमा लिया है या पायलट खुलकर बात करने की हालत में नही है, तो विमान के ट्रांसपोंडर के जरिए सिग्नल भेजा जा सकता है।
स्क्वॉक कोड 7500 एक सिग्नल है। यह पूरी दुनिया में प्लेन हाईजैकिंग या विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप का सिग्नल माना जाता है। ट्रांसपोंडर पर यह कोड सेट होने पर रडार और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सिस्टम में प्लेन की लोकेशन और पहचान पहुंच जाती है। इसके बाद ATC और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां एक्शन शुरू कर देते हैं। अब पढ़िए भारत के विमान अपहरण की 5 डरावनी कहानियां।
- साल 1999: जब किडनैपरों 3 कुख्यात आतंकियों को कराया रिहा
दिन था 24 दिसंबर 1999। काठमांडू से दिल्ली आ रही इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 को किडनैपरों ने अपने कब्जे में ले लिया था। विमान में 176 यात्री सवार थे। यह भारत के प्लेन हादसे की सबसे खौफनाक घटनाओं में से एक है। किडनैपरों ने प्लेन को पहले अमृतसर, फिर लाहौर और दुबई होते हुए अफगानिस्तान के कंधार पहुंचाया। इस दौरान एक यात्री रूपिन कात्याल की किडनैपरों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। दुबई में 27 यात्रियों को रिहा किया गया और रूपिन का शव भी वहीं उतारा गया।
कंधार में प्लेन उतरने के बाद भारत सरकार के सामने बंधकों को छुड़ाने और किडनैपरों की मांगों के बीच कठिन फैसला लेने की चुनौती थी। कई दिनों तक बातचीत चली। आखिरकार 31 दिसंबर 1999 को इस संकट से छुटकारा मिला। यात्रियों की रिहाई के बदले भारत ने तीन आतंकियों- मसूद अजहर, अहमद उमर सईद शेख और मुश्ताक अहमद जरगर को रिहा किया था।कंधार
- साल 1971: जब बंदूक की नोक पर प्लेन को पाकिस्तान ले गए किडनैपर
भारत में प्लेन हाईजैकिंग की शुरुआती चर्चित घटनाओं में 30 जनवरी 1971 का मामला शामिल है। जम्मू से श्रीनगर जा रहे इंडियन एयरलाइंस के एक विमान को दो लोगों ने हथियारों के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। विमान में 28 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।
किडनैपरों ने पायलट को प्लेन पाकिस्तान के लाहौर ले जाने के लिए मजबूर किया। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के दस्तावेजों में दर्ज विवरण के मुताबिक, उनमें से एक के पास ग्रेनेड था, जबकि दूसरे ने पायलट पर रिवॉल्वर तान रखी थी। लाहौर पहुंचने के बाद यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
- साल 1982: यात्रियों को हर घंटे गोली मारने की धमकी
तारीख 20 अगस्त 1982। इंडियन एयरलाइंस के एक विमान को एक हथियारबंद शख्स ने हाईजैक कर लिया। विमान में 63 यात्री और चालक दल के छह सदस्य थे। किडनैपरों के पास पिस्तौल थी और उसके पास ग्रेनेड जैसी दिखने वाली वस्तु भी बताई गई थी। उसने मांगें पूरी नहीं होने पर यात्रियों को हर घंटे गोली मारने की धमकी दी। करीब छह घंटे तक चले इस संकट के बाद प्लेन अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा।
स्थिति इतनी गंभीर थी कि सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। उस समय की रिपोर्ट के अनुसार, कमांडो और पुलिसकर्मी विमान के अदंर गए। और किडनैपरों को मार गिराया। इस दौरान गोलीबारी भी हुई। यात्रियों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी, हालांकि चालक दल की एक सदस्य को चोट आई।
- साल 1984: चंडीगढ़ से शुरू हुआ अपहरण, लाहौर तक पहुंचा विमान
तारीख थी 24 अगस्त 1984। उस समय पंजाब में उग्रवाद और राजनीतिक तनाव का माहौल था। इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-421 दिल्ली से श्रीनगर जा रही थी। रास्ते में 7 किडनैपरों ने खालिस्तान समर्थक नारे लगाए और यात्रियों तथा चालक दल को बंधक बनाकर कॉकपिट पर कब्जा कर लिया। पायलट को पहले अमृतसर और फिर लाहौर की ओर विमान ले जाने के लिए मजबूर किया गया।
लाहौर में उतरने के बाद भी संकट के बादल छटे नहीं। किडनैपरों की मांगें बढ़ती रहीं और विमान में मौजूद यात्रियों की सांसें अटकी रहीं। इस घटना के दौरान प्लेन को पाकिस्तान की अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया। यात्रियों की रिहाई और संकट खत्म कराने के लिए अधिकारियों को बातचीत करनी पड़ी। और तब जाकर यात्रियों को छुड़वाया गया।
- साल 1993: अमृतसर एयरपोर्ट पर कमांडो अभियान
दिन था 24 अप्रैल 1993 का। इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-427 श्रीनगर से दिल्ली जा रही थी। इस विमान को एक हथियारबंद शख्स ने हाईजैक कर लिया। प्लेन में कुल 141 लोग सवार थे। किडनैपर प्लेन को अफगानिस्तान के काबुल ले जाना चाहता था, लेकिन पाकिस्तान ने उसे अपने हवाई इलाके से गुजरने की अनुमति नहीं दी। आखिरकार विमान अमृतसर में उतरा। किडनैपर ने ईंधन भरने की मांग की और यात्रियों को मारने की धमकी भी दी।
स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों ने बातचीत की। लेकिन मामला बन नहीं रहा था। इधर किडनैपर से बातचीत जारी ही थी कि किडनैपर ने गोली चला दी। इसके बाद राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के कमांडो ऑपरेशन के लिए भेजे गए। UPI की रिपोर्ट के मुताबिक, कमांडो विमान में दाखिल हुए और किडनैपर को मार गिराया।


