
इतना अच्छा ऑफर मिला है साइन कर दीजिए, US को पीयूष गोयल की सलाह; ट्रेड डील पर क्या बोले?
कॉमर्स मिनिस्टर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर की एक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। ग्रीर ने व्यापार समझौते पर टिप्पणी करते हुए हाल ही में कहा था कि अमेरिका को भारत से अब तक का सबसे अच्छा ऑफर मिला है।
India US Trade Deal: वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा है कि अगर अमेरिका ट्रेड डील के लिए भारत द्वारा दिए गए ऑफर से खुश है, तो उन्हें भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर तुरंत साइन करना चाहिए। गोयल ने इस दौरान भारत के ऑफर पर ट्रंप प्रशासन के विचारों का स्वागत किया। हालांकि उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि भारत डेडलाइन के आधार पर कोई समझौता नहीं करेगा।
बता दें कि पीयूष गोयल अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर की एक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें ग्रीर ने कहा था कि अमेरिका को भारत से "अब तक का सबसे अच्छा" ऑफर मिला है।
गोयल ने एक सवाल के जवाब में कहा, "उनकी खुशी का स्वागत है। और, मेरा मानना है कि अगर वे बहुत खुश हैं, तो उन्हें साइन कर देना चाहिए।" हालांकि इस दौरान उन्होंने यह नहीं बताया कि भारत ने अमेरिका को किस तरह का ऑफर दिया है।
पांच राउंड की हो चुकी बातचीत
वाणिज्य मंत्री ने आगे बताया कि अमेरिका के उप व्यापार प्रतिनिधि रिक स्विट्जर की भारत यात्रा भारत संग समझौते पर बातचीत पर केंद्रित नहीं है। उन्होंने बताया, “बातचीत अच्छी चल रही है। हमने बातचीत के कई राउंड में अहम चर्चा की है। मुझे लगता है कि पहले पांच राउंड हो चुके हैं। मौजूदा दौरा अमेरिका के नए डिप्टी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) का है, जिन्होंने करीब तीन महीने पहले ज्वाइन किया है। यह भारत में उनका पहला दौरा है। हम एक-दूसरे को समझने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी बहुत अच्छी और अहम चर्चा हुई।"
डेडलाइन के आधार पर समझौते नहीं करेगा भारत
पीयूष गोयल ने आगे स्पष्ट किया कि भारत डेडलाइन के आधार पर समझौते नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “मैंने रिकॉर्ड पर कहा है कि डील तभी होती है जब दोनों पक्षों को फायदा हो। हमें कभी भी डेडलाइन के साथ बातचीत नहीं करनी चाहिए क्योंकि तब गलतियां होने की संभावना रहती है।”





