मां अपने सभी 28 बच्चों का ख्याल रखेगी, 'मदर ऑफ ऑल डील्स' के बाद बोले पीयूष गोयल
भारत-यूरोपीय संघ एफटीए को व्यापक रूप से मदर ऑफ ऑल डील्स कहा जा रहा है। दोनों पक्षों ने घोषणा की है कि समझौते के लिए बातचीत पूरी हो चुकी है और इसके इसी साल लागू होने की संभावना है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) अगले पांच वर्षों में यूरोप को होने वाले देश के निर्यात को दोगुना कर देगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक समझौते को ''मदर ऑफ ऑल डील्स'' करार देते हुए कहा कि ''मां दयालु और प्रेममयी'' होगी और यह सुनिश्चित करेगी कि इसके सभी 28 बच्चों (भारत और यूरोपीय संघ के 27 देश) को इस समझौते से लाभ हो।
भारत-यूरोपीय संघ एफटीए को व्यापक रूप से ''मदर ऑफ ऑल डील्स'' कहा जा रहा है। दोनों पक्षों ने घोषणा की है कि समझौते के लिए बातचीत पूरी हो चुकी है और इसके इसी साल लागू होने की संभावना है। गोयल ने कहा कि यूरोपीय संघ को होने वाले वस्तु और सेवा निर्यात में भारत पहले से ही व्यापार अधिशेष की स्थिति में है। अब, समझौते के लागू होने के पहले ही दिन से भारत के 99 प्रतिशत निर्यात को यूरोपीय संघ में शुल्क मुक्त पहुंच मिलेगी। इससे अगले पांच वर्षों में देश का निर्यात दोगुना होने की संभावना है।
वित्त वर्ष 2024-25 में भारत का वस्तु निर्यात 76 अरब डॉलर और सेवा निर्यात 46 अरब डॉलर था। उन्होंने घरेलू व्यवसायों से इस अवसर का लाभ उठाने, निवेश बढ़ाने और अपनी क्षमता का विस्तार करने की अपील की। गोयल ने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा, ''यह मां न तो बहुत सख्त होने वाली है और न ही बहुत उदार। यह मां दयालु और प्रेममयी होगी। यह मां सुनिश्चित करेगी कि उसके सभी बच्चे - चाहे वे यूरोप के 27 राष्ट्र हों या भारत - सभी 28 बच्चे इस मुक्त व्यापार समझौते के फल का आनंद लें।''
उन्होंने आगे कहा कि उपभोक्ता इस एफटीए के सबसे बड़े हितधारक हैं और उनके लिए सामान सस्ता होना चाहिए। अमेरिका के साथ संभावित समझौते को 'फादर ऑफ ऑल डील्स' बताते हुए मंत्री ने कहा कि भारत इस समझौते को जल्द पूरा करने की दिशा में काम कर रहा है और इस पर अच्छी बातचीत चल रही है।
'भारत, अमेरिका जल्द ही व्यापार समझौते पर लगा सकते हैं मुहर'
वहीं, भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों देश इसे जल्द पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने भरोसा जताया कि निकट भविष्य में इस मोर्चे पर अच्छी खबर दी जाएगी। गोयल ने कहा, ''हर मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) अपनी शर्तों और खूबियों पर टिका होता है। हमारी बातचीत बहुत अच्छी चल रही है। अमेरिका में मेरे समकक्ष और मेरे बीच बहुत ही शानदार कामकाजी संबंध और व्यक्तिगत मित्रता है। हम इस समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।''

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी को मीडिया में एक दशक से भी ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं। मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत कई पुरस्कार जीते हैं।
और पढ़ें


