विमान में बम है, टेकऑफ से पहले पायलट को मिली पर्ची; कोलकाता एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
कोलकाता एयरपोर्ट पर शनिवार को तब हड़कंप मच गया जब पायलट को एक धमकी वाली पर्ची मिली। विमान उड़ान भरने ही वाला था कि पायलट को विमान को बम से उड़ाने की धमकी वाली एक पर्ची मिली और फिर विमान को खाली करा लिया गया।

कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमान की उड़ान से ठीक पहले पायलट को एक ऐसी पर्ची मिली जिसके बाद हड़कंप मच गया। तुरंत विमान को खाली करवाया गया। जानकारी के मुताबिक इस पर्ची में विमान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। विमान को खाली कराए जाने के बाद जांच-पड़ताल की जा रही है। एयरपोर्ट पर भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
इंडिगो का 6E3074 विमान सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हाई अड्डे से शिलॉन्ग के लिए उड़ान भरने वाला था। वहीं बम की धमकी मिलने के बाद इसे आईसोलेशन बे में ले जाया गया। बोर्डिंग के दौरान ही पायलट टॉइलेट में एक पर्ची मिली। इसमें लिखा था कि विमान के अंदर बम है। इसके बाद यात्रियों को तुरंत विमान से उतारा गया।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चेतावनी के बाद विमान को एक अलग जगह पर ले जाया गया और सभी यात्रियों को उतार दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी शुरू की। हवाई अड्डा के अधिकारियों ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि विमान में नोट किसने रखा। सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद उड़ान पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।
गौरतलब है कि इंडिगो के विमान में बम की सूचना की यह पहली घटना नहीं है। जनवरी में ही 222 यात्रियों को ले जा रही इंडिगो की दिल्ली-बागडोगरा उड़ान को उड़ान भरने के बाद बम की धमकी मिली, जिसके बाद उसे लखनऊ में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी, जहाँ तलाशी ली गई।
पिछले साल, कोलकाता-मुंबई इंडिगो की उड़ान (6ई-5227) में भी बम की धमकी मिली थी। उस समय एक अनजान व्यक्ति ने हवाई अड्डा पर फ़ोन करके दावा किया था कि उसमें विस्फोटक है। सभी 195 यात्रियों को निकाला गया और विमान की तलाशी ली गई, हालाँकि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
हवाई अड्डा अधिकारियों ने कहा कि इस घटना में भी सुरक्षा मानक का पालन किया गया, और अब तक कोई विस्फोटक नहीं मिला है। एक दिन पहले ही दिल्ली में पांच स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले थे। इन्हें बाद में अफवाह घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ईमेल में उकसाने वाली और आपत्तिजनक सामग्री थी जिसमें दावा किया गया था, "दिल्ली खालिस्तान बन जाएगा और स्कूलों में दोपहर 1.11 बजे बम विस्फोट होगा।" ईमेल में यह भी कहा गया था कि दोपहर 2.11 बजे संसद के अंदर विस्फोट होगा, जिसके बाद विभिन्न एजेंसियों के बीच सतर्कता बढ़ा दी गई और समन्वय स्थापित किया गया।

लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ें



