PDP नेता ने बुरहान वानी को बताया शहीद, आतंकी के महिमामंडन के बाद अब्दुल कबीर गिरफ्तार
आपको बता दें कि हिजबुल मुजाहिद्दीन का पोस्टर बॉय बुरहान वानी 2016 में एक मुठभेड़ में मारा गया था। पीडीपी नेता की इस तारीफ पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मगबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी के एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के एक वरिष्ठ नेता अब्दुल कबीर ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने हिजबुल मुजाहिद्दीन के कमांडर बुरहान वानी को शहीद बताते हुए उसकी तारीफ की है। इस बयान के सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। अब खबर आ रही है कि उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आतंकी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, "जब बुरहान वानी शहीद हुआ तो BJP नेता मुआवजा लेकर उसके घर गए थे।"
जब पत्रकारों ने पीडीपी नेता अब्दुल कबीर से पूछा कि वह किसी आतंकवादी को शहीद कैसे कह सकते हैं तो PDP नेता अपनी बात पर अड़े रहे। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, “मैं उसे क्या कहता हूं यह मेरी मर्जी है। हम एक लोकतांत्रिक देश में रहते हैं और हमें जो भी महसूस होता है उसे कहने की आजादी है।”
आपको बता दें कि हिजबुल मुजाहिद्दीन का पोस्टर बॉय बुरहान वानी 2016 में एक मुठभेड़ में मारा गया था।
आतंकी के महिमामंडन से भड़के कश्मीरी पंडित
पीडीपी नेता की इस तारीफ पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विस्थापित कश्मीरी पंडितों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन रूट्स इन कश्मीर के प्रवक्ता अमित रैना ने एक आतंकवादी की तारीफ करने के लिए PDP नेता की आलोचना की है। रैना ने कहा, "आतंकी कमांडर को शहीद कहकर वह आतंकी हमलों के पीड़ितों के परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं।"
भाजपा भी भड़की
भाजपा ने भी पीडीपी पर आतंकवाद को बढ़ावा देने और तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए तीखा हमला किया। भगवा पार्टी के नेता युद्धवीर सेठी ने इस बयान को चौंकाने वाला बताया और माफी की मांग की है। सेठी ने कहा, "पीडीपी नेताओं को उन सैनिकों के परिवारों से माफी मांगनी चाहिए, जिन्होंने कश्मीर घाटी में आतंकवाद से लड़ते हुए अपनी जान दी। आतंकवादियों की इस तरह तारीफ करना मंजूर नहीं है।"

